
पुणे: चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम शानदार गेंदबाजी के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अंत में खेली गयी नाबाद 31 रन की पारी से आज यहां इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर पर छह विकेट की आसान जीत से अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी। बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद रायल चैलेंजर्स बेंगलूर की टीम पार्थिव पटेल की 53 रन अर्धशतकीय पारी के बावजूद नौ विकेट पर 127 रन ही बना सकी। चेन्नई सुपरकिंग्स ने धोनी की 23 गेंद में तीन छक्के और एक चौके सहित पारी से यह लक्ष्य 18 ओवर में चार विकेट पर 128 रन बनाकर हासिल कर लिया। चेन्नई सुपरकिंग्स 10 मैचों में सात जीत और तीन हार से 14 अंक लेकर पहले स्थान पर पहुंच गई है जबकि के बेंगलूर नौ मैच में तीन जीत और छह हार से छह अंक लेकर छठे स्थान पर है।
अम्बाती रायुडू (32) और सलामी बल्लेबाज शेन वाटसन (11) खेलने उतरे। वाटसन ने पहले ओवर में दो चौके जड़कर शुरूआत की लेकिन युजवेंद्र चहल का दूसरा ओवर मेडन रहा। उमेश यादव ने अपने पहले ही ओवर में वाटसन के रूप में पहला विकेट झटका। उनकी शार्ट गेंद वाटसन के स्टंप उखाड़ गयी। रायुडू और सुरेश रैना (25 रन) ने संभलकर खेलते हुए छठे ओवर में एक छक्के और दो चौके से 16 रन जोड़े। हालांकि उमेश यादव ने इन दोनों की बड़ी साझेदारी की उम्मीद को तोड़ते हुए रैना को आउट किया। यह कैच काफी दिलचस्प रहा, टिम साउदी लांग आन बाउंड्री लाइन पर खड़े थे और उन्होंने बाउंड्री के अंदर कैच लपका लेकिन वह संतुलन बनाते बनाते रस्सी से बाहर हो गये। लेकिन उन्होंने गेंद से उछाला और फिर रस्सी के अंदर कूदकर कैच लपक लिया। अंपायर ने इसे क्लीन कैच घोषित किया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website