Wednesday , March 4 2026 6:27 PM
Home / Sports / IPL: प्लेआॅफ से बाहर हुई दिल्ली, हैदराबाद ने 7 विकेट से जीता मैच

IPL: प्लेआॅफ से बाहर हुई दिल्ली, हैदराबाद ने 7 विकेट से जीता मैच


हैदराबाद: दिल्ली डेयरडेविल्स को युसूफ पठान को रेफरल पर विवादास्पद जीवनदान मिलने का भारी नुकसान उठाना पड़ा और उसे सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों शनिवार को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली को 10 मैचों में सातवीं हार आईपीएल 11 में उसके लिए गहरा झटका है और अब उसकी प्लेऑफ में जाने की उम्मीदें धूमिल पड़ गयी हैं। दिल्ली ने पांच विकेट पर 163 रन बनाये जबकि हैदराबाद ने 19.5 ओवर में तीन विकेट पर 164 रन बनाकर नौ मैचों में सातवीं जीत हासिल कर ली। हैदराबाद के इस जीत के बाद 14 अंक हो गए हैं और वह प्लेऑफ की दहलीज पर पहुंच गया है।

DD 163/5 (20.0 Ovs)
SRH 164/3 (19.5 Ovs)
CRR: 8.27

Sunrisers Hyderabad won by 7 wkts

पठान को मिला जीवनदान
लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद ने अच्छी शुरुआत की और एलेक्स हेल्स तथा शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए नौ ओवर में 76 रन जोड़े। इंग्लैंड के हेल्स ने तेज गेंदबाज अवेश खान के दूसरे और पारी के छठे ओवर में चार छक्के उड़ाते हुए कुल 27 रन बटोर डाले। दिल्ली को पहली सफलता लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने एक बेहतरीन गेंद पर हेल्स को बोल्ड कर दिलाई। हेल्स ने 31 गेंदों पर 44 रन में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। मिश्रा ने शिखर को बोल्ड कर दिल्ली को दूसरी सफलता दिला दी। शिखर ने 30 गेंदों पर 33 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया। मनीष पांडेय 17 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। मनीष का लियाम प्लंकेट ने लिया। इसी ओवर में युसूफ पठान को विजय शंकर के हाथों जीवनदान मिला और फिर वह रेफरल लेकर पगबाधा फैसले से बच गए जबकि अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया था।

टाॅप पर पहुंचा हैदराबाद
कप्तान केन विलियम्सन एक छोर पर डटे हुए थे। हैदराबाद को आखिरी ओवर में जीत के लिए 14 रन चाहिए थे।आखिरी ओवर फेंकने के लिए डेनियल क्रिस्टियन मौजूद थे। पहली गेंद पर दो रन बने और अगली गेंद पर पठान ने छक्का मार दिया। तीसरी गेंद पर चौका पड़ा और दिल्ली की उम्मीदें समाप्त हो गयीं। हैदराबाद ने जीत हासिल की और तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। विलियम्सन ने 30 गेंदों पर नाबाद 32 रन में एक छक्का लगाया जबकि पठान ने मात्र 12 गेंदों में नाबाद 27 रन में दो चौके और दो छक्के ठोके।

टीमें

सनराइजर्स हैदराबाद: शिखर धवन, एलेक्स हेल्स, केन विलियम्सन (कप्तान), मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, रिद्धिमान साहा, भुनवेश्वर, युसूफ पठान, राशिद खान, सिद्धार्थ कौल, संदीप शर्मा।

दिल्ली डेयरडेविल्स: पृथ्वी शॉ, नमन ओझा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत, ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, डेन क्रिस्टियन, लियाम प्लंकेट, अमित मिश्रा, आवेश खान, ट्रेंट बोल्ट।