Friday , April 10 2026 11:56 PM
Home / Sports / IPL ओपनिंग सेरेमनी ऋतिक, वरुण और प्रभुदेवा बिखेरेंगे जलवा

IPL ओपनिंग सेरेमनी ऋतिक, वरुण और प्रभुदेवा बिखेरेंगे जलवा


बॉलीवुड के सुपर स्टार ऋतिक रोशन, युवा दिलों की नई धड़कन वरुण धवन और डांसिंग के माइकल जैक्सन कहे जाने वाले प्रभुदेवा शनिवार को आईपीएल 11 के उद्घाटन समारोह में जलवा बिखेरेंगे।

आईपीएल 11 की शुरुआत गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबले से होने जा रही है लेकिन इससे पहले क्रिकेट प्रेमियों को बॉलीवुड धुनों पर गीत, संगीत और ग्लैमर का तड़का देखने को मिलेगा। उद्घाटन समारोह शाम 6:15 बजे से शुरू होगा जिसमें बॉलीवुड और क्रिकेट का दिलचस्प संगम देखने को मिलेगा। इसके साथ ही अगले लगभग दो महीने तक चलने वाले आईपीएल के धूम धड़ाके की शुरुआत हो जाएगी।

समारोह के डांस फ्लोर को ऋतिक रोशन, वरुण धवन और प्रभुदेवा थिरका देंगे। इनके साथ मीका सिंह के हिट गीतों की स्वरलहरी गूंजेगी। समारोह में ग्लैमर का तड़का लगाएंगी जैकलीन फर्नांडेज और तमन्ना भाटिया। इन्हे सहयोग देने के लिए 100 से ज्यादा कलाकार मौजूद रहेंगे।

परिणीति चोपड़ा ने नाम लिया वापस
परिणीति चोपड़ा ने यह कहकर अपना नाम वापस लिया कि वो इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। परिणीति के स्पोकपरसन ने बताया, ‘पिछले कुछ समय से वो ‘नमस्ते इंग्लैंड’ की शूटिंग में बिजी हैं। और भी अन्य कारणों से उन्हें तैयारी करने का पूरा मौका नहीं मिला। जिसके चलते वो ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म नहीं कर पाएंगीं।’