Friday , April 10 2026 2:25 PM
Home / News / ईरान ने भी माना युद्धविराम, अराघची ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने पर किया बड़ा ऐलान, तेहरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव पर झुके ट्रंप

ईरान ने भी माना युद्धविराम, अराघची ने होर्मुज स्ट्रेट को खोलने पर किया बड़ा ऐलान, तेहरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव पर झुके ट्रंप


ईरान में सभ्यता को नष्ट कर देने वाली डेडलाइन से महज डेढ़ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक रुख बदलते हुए सैन्य कार्रवाई को रोकने का ऐलान कर दिया है। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि वह दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी और हमले रोकने पर सहमत हो गए हैं। इसके कुछ देर बाद ही ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने भी युद्धविराम पर सहमति जता दी है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी घोषणा की है।
होर्मुज स्ट्रेट पर अराघची का ऐलान – इसके साथ ही अराघची ने बताया कि दो हफ्तों की अवधि के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दिया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘मैं ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की ओर से यह घोषणा करता हूं: यदि ईरान पर हमले रोक दिए जाते हैं, तो हमारी शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएं अपने रक्षात्मक अभियान रोक देंगी।’
अराघची ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को ईरान की सेनाओं के नियंत्रण में खोले जाने के भी घोषणा की। उन्होंने लिखा, ‘दो हफ्तों की अवधि के लिए ईरान की सशस्त्र सेनाओं के साथ समन्वय और तकनीकी सीमाओं को उचित रूप से ध्यान में रखते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रास्ता संभव होगा।’
ईरान ने कहा पाकिस्तान को शुक्रिया – अब्बास अराघची ने युद्धविराम के लिए पाकिस्तन की कोशिशों का आभार जताया है और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तारीफ की है। अराघची ने लिखा, इस्लामिक गणराज्य ईरान की ओर से मैं अपने प्यारे भाइयों- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री (शहबाज) शरीफ और फील्ड मार्शल (असीम) मुनीर- का इस क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के लिए उनके अथक प्रयासों के लिए आभार और सराहना व्यक्त करता हूं।
ईरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव पर झुके ट्रंप – इसके पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर बमबारी और हमले रोकने की घोषणा की थी। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में इसकी जानकारी दी थी। उनकी घोषणा में सबसे अहम बात ईरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव को बाचतीत के आधार के रूप में स्वीकार करना था। उन्होंने ईरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव को व्यवहारिक बताया था। ईरानी मीडिया में इसे तेहरान की जीत और ट्रंप के झुकने के रूप में पेश किया जा रहा है।
अमेरिका-ईरान में युद्धविराम में पाकिस्तान का रोल – डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ बातचीत के आधार पर युद्धविराम के फैसले पर सहमति बनी।
ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर मैं दो हफ्ते की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को रोकने पर सहमत हूं। यह एक दो-तरफा युद्धविराम होगा
इसके पहले शहबाज शरीफ ने एक्स पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान पर हमले की डेडलाइन दो हफ्तों के लिए बढ़ाने का अनुरोध किया था।
इसके साथ ही पाकिस्तान ने ईरान से सद्भावना के तौर पर दो हफ्ते की अवधि के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की अपील की थी।
शरीफ ने एक्स पर कहा, हम युद्ध में शामिल सभी पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे इस क्षेत्र में समय तक शांति और स्थिरता बनाए रखने के हित में, कूटनीति को युद्ध का निर्णायक अंत करने का अवसर देने के लिए, हर जगह दो हफ्ते तक युद्धविराम का पालन करें।