Sunday , March 15 2026 10:14 PM
Home / News / ईरान से जंग के बीच नेतन्याहू के ‘गायब’ होने पर इजरायली PMO ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा

ईरान से जंग के बीच नेतन्याहू के ‘गायब’ होने पर इजरायली PMO ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा


ईरान के साथ युद्ध के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है। इजरायली प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जाने लगी है। नेतन्याहू को लेकर कहा जाने लगा था कि उनकी हत्या कर दी गई है। पिछले शुक्रवार को उनका वीडियो सामने आने के बाद ये चर्चा और तेज हो गई। सोशल मीडिया पर कई अकाउंट ने इस वीडियो को AI से बनाया बताया और नेतन्याहू को लेकर चिंता जाहिर की। इन घटनाक्रमों के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान जारी किया और दावों को फर्जी बताया।
PMO ने नेतन्याहू को बताया पूरी तरह स्वस्थ – इजरायली PMO ने तुर्की की समाचार एजेंसी अनादोलू से कहा कि ‘ये फर्जी खबरे हैं। प्रधानमंत्री पूरी तरह ठीक हैं।’ नेतन्याहू के बारे में अफवाहों की शुरुआत तब हुई, जब 13 मार्च को उनके X अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया गया। इसके पहले कई दिनों से नेतन्याहू नजर नहीं आए थे। ईरान युद्ध के बारे में जानकारी देते हुए नेतन्याहू के वडियो में एक जगह उनके दाहिने हाथ में 5 की जगह छह उंगलियां दिखाई दी।
नेतन्याहू के वीडियो पर विवाद – यूजर्स ने दावा करने लगे कि यह क्लिप AI से बनाया या डीपफेक हो सकता है। कुछ ने तो बिना किसी सबूत यहां तक कह दिया कि प्रधानमंत्री की मौत हो गई है। विवाद वीडियो के उस हिस्से से है, जहां पोडियम पर इशारा करते समय नेतन्याहू के हाथ में छह उंगली दिखाई देती है। यूजर्स ने इसका स्क्रीनशॉट शेयर किया और इसे AI की गड़बड़ी बताया। NBT ने जब वीडियो के हिस्से को लेकर AI फैक्ट चेक करने की कोशिश तो बताया गया कि वीडियो असली है। पूरा वीडियो इजरायली सरकार के यूट्यूब पर भी पोस्ट किया गया है।
अब नेतन्याहू के कार्यालय ने पुष्टि की है कि उन्होंने ईरान के नए सुप्रीम लीडर को जवाब देते हुए 13 मार्च को यह वीडियो शेयर किया था। नेतन्याहू ने कहा था कि हम ईरान और हिजबुल्लाह को कुचल रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को IRGC की कठपुतली बताया और कहा कि ईरान के नए नेता अपना चेहरा नहीं दिखा पाएंगे। हालांकि, कई लोगों ने नेतन्याहू के संबोधन पर सवाल उठाया और पूछा या यह लाइव था या पहले से रिकॉर्ड किया गया था।