
श्रेयस अय्यर और रविचंद्रन अश्विन ने आठवें विकेट के लिए 71 रन की अटूट साझेदारी से भारत को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट में तीन विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। भारत ने 145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सुबह तीन विकेट जल्दी गंवा दिए जिससे उसका स्कोर सात विकेट पर 74 रन हो गया। अय्यर और अश्विन ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली। अश्विन 42 और अय्यर 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के प्रयास से भारत ने दो मैच की सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी स्थिति मजबूत की। भारत ने चटगांव में खेला गया पहला टेस्ट मैच 188 रन से जीता था।
खेल के चौथे दिन भारत ने 4 विकेट पर 45 रन से अपनी पारी को आगे बढ़ाया था। हालांकि खेल के शुरुआत में ही टीम इंडिया ने तीन विकेट जल्दी गंवा दिए लेकिन इसके बाद अश्विन और अय्यर ने पारी को संभाला विकेट को गिरने नहीं दिया।
मुकाबले में बांग्लादेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 227 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 314 रन बनाए और 87 रनों की बढ़त हासिल की। वहीं दूसरी पारी में मेजबान टीम ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 231 रन बनाकर भारत के सामने 145 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का बचाव करने उतरी बांग्लादेशी टीम के गेंदबाजों ने शानदार खेल दिखाया। एक समय भारतीय बल्लेबाजी दबाव में भी आ गई है। दूसरी पारी में बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन रजा ने पांच विकेट हासिल किए। मेहदी के अलावा कप्तान शाकिब अल हसन ने एक विकेट लिए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website