Tuesday , February 10 2026 12:25 PM
Home / Sports / जेसन होल्डर ICC रैंकिंग में धमाल, 20 वर्ष में सर्वश्रेष्ठ कैरेबियाई बोलर

जेसन होल्डर ICC रैंकिंग में धमाल, 20 वर्ष में सर्वश्रेष्ठ कैरेबियाई बोलर


जेसन होल्डर साउथैम्पटन में इंग्लैंड के खिलाफ जीत के दौरान अपनी टीम की अगुआई करते हुए शानदार प्रदर्शन की बदौलत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग (ICC Test Rankings) में करियर के सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। साथ ही उन्होंने पिछले 20 वर्षों में वेस्टइंडीज के किसी गेंदबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक भी हासिल किए।
पहली पारी में 42 रन पर छह विकेट सहित मैच में 7 विकेट चटकाने वाले होल्डर ने करियर के सर्वश्रेष्ठ 862 रेटिंग अंक हासिल किए हैं जो अगस्त 2000 में कर्टनी वाल्श के 866 अंक के बाद किसी वेस्टइंडीज के गेंदबाज के सर्वाधिक रेटिंग अंक हैं। जसप्रीत बुमराह 7वें स्थान के साथ गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 में एकमात्र भारतीय हैं। होल्डर पहले टेस्ट के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में 35वें स्थान पर कायम हैं और ऑलराउंडरों की सूची में करियर के सर्वश्रेष्ठ 485 अंक के साथ शीर्ष पर हैं।
​ब्लैकवुड ने यूं कर दिया खेल
ब्लैकवुड ने तब जिम्मेदारी संभाली जब वेस्टइंडीज ने तीन विकेट 27 रन पर गंवा दिए थे। ब्लैकवुड ने इसके बाद एक छोर संभाला और मैच का रुख मोड़ दिया। ब्लैकवुड ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की गेंद पर मिडऑफ पर कैच थमाने से पहले से 95 रन बनाए। उन्होंने 154 गेंदों की पारी में 12 चौके लगाए। ब्लैकवुड ने रोस्टन चेस (37) के साथ चौथे विकेट के लिए 73 रन और शेन डोरिच (20) के साथ पांचवें विकेट के लिए 68 रन की उपयोगी साझेदारियां कीं, जो मैच का टर्निंग पाइंट साबित हुआ।
​इस तरह गिर गए 3 विकेट
विंडीज ने दूसरी पारी की जिस तरह शुरुआत की थी उसे देखकर लग नहीं रहा था कि जीत उसके हिस्से आएगी। टीम ने 27 रनों तक ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। क्रेग ब्रैथवेट चार, शरमाह ब्रूक्स शून्य और शई होप 9 रन बनाकर पविलियन लौट लिए थे, जबकि ब्रैथवेट के साथ पारी की शुरुआत करने आए जॉन कैम्पवेल रिटायर्ड हर्ट हो गए थे जो बाद में बल्लेबाजी करने आए और आठ रन बनाकर नाबाद लौटे।
शतक से चूके ब्लैकवुड
ब्लैकवुड अपने शतक और टीम को जीत के करीब ले जा रहे थे। वह जब अपने शतक से पांच रन दूर थे तभी इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने उन्हें पविलियन भेज दिया। उन्होंने 154 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 95 रन बनाए। उनका विकेट 189 रनों पर गिरा और लगा कि यहां इंग्लैंड शायद मैच में वापसी कर ले। हालांकि इंग्लैंड की घातक गेंदबाजी का कैम्पबेल और कप्तान जेसन होल्डर ने डटकर सामना किया और टीम को जीत दिलाकर लौटे।
​इंग्लैंड की पारी
इससे पहले इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत 8 विकेट के नुकसान पर 284 रनों के साथ की थी। मार्क वुड (2) और आर्चर (23) के विकेट गिरने के साथ ही इंग्लैंड की दूसरी पारी समाप्त हो गई। इंग्लैंड की दूसरी पारी में जैक क्रॉले ने 76, डॉम सिब्ले ने 50, कप्तान स्टोक्स ने 46 और रोरी बर्न्स ने 42 रन बनाए। विंडीज के लिए शैनन गैब्रिएल ने पांच विकेट लिए, जबकि रोस्टन चेज और अल्जारी जोसेफ ने दो-दो विकेट लिए। जेसन होल्डर को एक विकेट मिला।
ऑलराउंडरों की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर काबिज इंग्लैंड के बेन स्टोक्स ने भी करियर के सर्वश्रेष्ठ 431 रेटिंग अंक हासिल किए हैं। जो रूट की अगुआई में इंग्लैंड की अगुआई करने वाले स्टोक्स एजियास बाउल में 43 और 46 रन की पारियों के बाद बल्लेबाजी रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ 9वें स्थान की बराबरी की जो उन्होंने पिछले साल नवंबर में हासिल किया था।
वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराया, सीरीज में 1-0 से आगे
तीन टेस्ट मैच की सीरीज के पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर 1-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में अच्छी वापसी की थी लेकिन पुछल्ले उसके बल्लेबाज एक बार फिर फ्लॉप हुए, जिससे विंडीज की टीम को वह 200 रन का ही लक्ष्य दे पाई। जोफ्रा आर्चर ने अपनी घातक फास्ट बोलिंग के दम पर इंग्लैंड की मैच में वापसी जरूर कराई थी। लेकिन इसके बाद जे. ब्लैकवुड और रोस्टन चेज की जोड़ी ने उसे पहले मुश्किल से निकाला और फिर ब्लैकवुड के 95 रनों की बदौलत मैच में जीत अपने नाम कर ली।
कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से मैदान पर नहीं उतरने वाले भारतीय क्रिकेटरों ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष 10 में अपनी जगह बरकरार रखी है। कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजों की रैंकिंग में स्टीव स्मिथ के बाद दूसरे स्थान पर बरकरार हैं, जबकि चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे क्रमश: 7वें और 9वें स्थान पर हैं।
स्टोक्स की धांसू बोलिंग, खास लिस्ट में हुए शामिल
साउथैम्पटन में जारी पहले टेस्ट के तीसरे दिन इंग्लैंड के लिए सबसे सफल गेंदबाज बेन स्टोक्स रहे। कप्तान ने कैरेबियाई टीम के 4 अहम विकेट झटके। इसके साथ ही उनके टेस्ट विकेटों की संख्या 151 हो गई है। इसके साथ ही स्टोक्स टेस्ट क्रिकेट में 4000 से ज्यादा रन और 150 से ज्यादा विकेट लेने वाले इंग्लैंड के दूसरे और दुनिया के छठे ऑलराउंडर बन गए हैं। इंग्लैंड ने पहली पारी में 204 रन बनाए थे, जबकि वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी पारी में पारी में 318 रन बनाए।
मैच में छह विकेट की बदौलत स्टोक्स गेंदबाजी सूची में तीन स्थान के फायदे से 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स 30 और 42 रन की पारियों के बाद पहली बार शीर्ष 30 में जगह बनाने में सफल रहे जबकि मैच में 86 रन बनाने वाले जैक क्रॉउले शीर्ष 100 में शामिल हो गए। दूसरी पारी में 95 बनाकर वेस्टइंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जर्मेन ब्लैकवुड 14 स्थान के फायदे से 58वें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि शेन डॉवरिच करियर के सर्वश्रेष्ठ 37 वें स्थान पर है। डॉवरिच ने 61 और 20 रन की पारियां खेली।