Monday , February 9 2026 2:58 AM
Home / Sports / इंग्लैंड में रहे फेल, अब नहीं खेल पाएंगे दलीप ट्रॉफी, करुण नायर को लगा तगड़ा झटका

इंग्लैंड में रहे फेल, अब नहीं खेल पाएंगे दलीप ट्रॉफी, करुण नायर को लगा तगड़ा झटका


घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद करुण नायर को इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे। अब वह दलीप ट्रॉफी में नहीं खेल पाएंगे।
घरेलू क्रिकेट में रनों की बरसात के बाद करुण नायर को इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह मिली। रणजी ट्रॉफी से लेकर विजय हजारे ट्रॉफी तक में नायर ने खूब रन बनाए। हर तरफ उन्हें टीम में शामिल करने की मांग होने लगी। 2017 में अपना आखिरी टेस्ट खेलने वाले नायर से इंग्लैंड दौरे पर काफी उम्मीद थी। हालांकि उन्होंने सभी को निराश किया और बल्ले से पूरी तरह फेल रहे। टेस्ट में तिहरा शतक जड़ चुके नायर 8 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक लगा पाए।
दलीप ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे करुण नायर -दलीप ट्रॉफी भारत के फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट है। यह देश के 6 अलग-अलग जोन के बीच खेला जाता है। करुण नायर इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे। इंग्लैंड दौरे पर आखिरी टेस्ट के दौरान नायर चोटिल हुए थे। दूसरी पारी के दौरान उन्हें गस एटकिंसन की गेंद हाथ पर लगी थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक नायर की उंगली पर माइनर फ्रैक्चर है। इसी वजह से वह दलीप ट्रॉफी से बाहर रहेंगे। 28 अगस्त से इस टूर्नामेंट की शुरुआत हो रही है।