
वडोदरा: कीनिया क्रिकेट टीम यहां बड़ौदा के खिलाफ चार मैच खेलने के लिये आयी हुई है और अफ्रीकी देश में खेल ढांचे के विकास के लिये भारत से उम्मीद लगाए है ताकि वह टेस्ट खेलने के अपने सपने को साकार कर सके। टीम मैनेजर पीटर डिगोंगो ने कहा कि कीनिया में पिचों और स्टेडियम जैसी क्रिकेट सुविधाओं के विकास की जरूरत है।
कीनिया की 14 सदस्यीय टीम नौ मार्च तक शहर में है और फिर वह नेपाल के लिये रवाना होगी जहां वह घरेलू टीम के खिलाफ दो मैच खेलेगी। पीटर ने कहा, ‘‘कीनिया क्रिकेट टीम भी एक अन्य टीम है जिसे एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिये आईसीसी की सदस्यता प्राप्त है, यह वनडे दर्जे के साथ आईसीसी की एसोसिएट सदस्य है। ’’
कीनिया को मजबूत आईसीसी एसोसिएट सदस्यों में से एक माना जाता है। टीम को 1981 में आईसीसी से एसोसिएट सदस्य का दर्जा मिला था, तब से उसने 100 वनडे खेले हैं जिसमें 27 में जीत दर्ज की है। इस बीच बड़ौदा क्रिकेट संघ के सचिव स्नेहल पारिख ने कहा, ‘‘हमने शहर में कीनिया क्रिकेट टीम के लिये चार मैचों की मेजबानी पर सहमति कीनिया में भारतीय दूत के अनुरोध पर दी। ’’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website