Wednesday , March 4 2026 4:59 PM
Home / Sports / विंडीज के खिलाफ कोहली-अग्रवाल का अर्धशतक, पुजारा लगातार तीसरी पारी में फेल: भारत का स्कोर 264/5

विंडीज के खिलाफ कोहली-अग्रवाल का अर्धशतक, पुजारा लगातार तीसरी पारी में फेल: भारत का स्कोर 264/5


भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन जमैका में पहली पारी में शुक्रवार को 5 विकेट पर 264 रन बना लिए। वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत के लिए कप्तान विराट कोहली ने 76 और मयंक अग्रवाल ने 55 रन की पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने पर हनुमा विहारी (42) और ऋषभ पंत (27) नाबाद थे। विंडीज के लिए कप्तान जेसन होल्डर ने 3 विकेट लिए।

इससे पहले भारत की शुरुआत खराब रही। ओपनर लोकेश राहुल 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस बीच राहुल के टेस्ट में 2 हजार रन पूरे हो गए हैं। वे ऐसा करने वाले 39वें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें होल्डर ने रहकीम कॉर्नवॉल के हाथों कैच कराया। कॉर्नवॉल ने चेतेश्वर पुजारा (6) को आउट कर विंडीज को दूसरी सफलता दिलाई। पुजारा पिछले टेस्ट में भी बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके थे। एंटीगुआ में पहली पारी में उन्होंने 2 और दूसरी पारी में 25 रन बनाए थे।

कॉर्नवॉल दुनिया के सबसे वजनी खिलाड़ी बने

विंडीज के लिए 143 किलो और 6 फीट 5 इंच के कॉर्नवाल ने डेब्यू किया। वे इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले दुनिया के सबसे ज्यादा वेट वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
पिछले मैच में शतक लगाने वाले रहाणे 24 रन पर आउट

इसके बाद कोहली ने मयंक के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। मयंक को होल्डर ने आउट किया। 115 रन पर तीन विकेट गिर जाने के बाद कोहली ने रहाणे के साथ 49 रन जोड़े। पिछले मैच में शतक लगाने वाले रहाणे इस बार कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। वे 24 रन बनाकर केमार रोच की गेंद पर आउट हुए। कोहली ने इसके बाद अपना अर्धशतक पूरा किया। वे पहले दिन आउट होने वाले भारत के आखिरी बल्लेबाज रहे। उन्हें होल्डर ने पवेलियन भेजा।

हनुमा-पंत ने अर्धशतकीय साझेदारी की

कोहली के आउट होने के बाद हनुमा विहारी ने पारी को संभाला। उन्होंने ऋषभ पंत के साथ छठे विकेट के लिए नाबाद 62 रन की साझेदारी की। हनुमा ने पिछले मैच की दूसरी पारी में अर्धशतक लगाया था।

रिचर्ड्स को अस्पताल ले जाना पड़ा

मैच के पहले विंडीज के विव रिचर्ड्स मैदान पर बेहोश हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। 67 साल के रिचर्ड्स को गर्मी के कारण डीहाइड्रेशन की शिकायत है।

पहले बल्लेबाजी में कोहली का बेहतरीन रिकॉर्ड

कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम के का टेस्ट में पहले बल्लेबाजी का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। टीम इंडिया ने 28 मैचों में पहले बल्लेबाजी की, इनमें 22 में उसे जीत मिली और 4 मैच ड्रॉ रहे। भारत को एकमात्र हार इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 2018 में मिली थी।

मैच जीतने पर कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन सकते हैं
विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम 48वां टेस्ट खेलेगी। इस दौरान 47 मैच में भारत को 27 टेस्ट में जीत मिली। टीम इंडिया अगर यह मैच जीत लेती है तो कोहली सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले भारतीय कोहली बन जाएंगे। फिलहाल वे धोनी के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम 60 टेस्ट में 27 जीती थी।
दोनों टीमें
भारत: विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह।

वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), क्रेग ब्रैथवेट, डैरेन ब्रावो, शमर ब्रूक्स, जॉन कैम्पबेल, रोस्टन चेस, रहकीम कॉर्नवॉल, जैहमर हैमिल्टन, शेनॉन गेब्रियल, शिमरॉन हेटमायर, केमार रोच।