
भारतीय स्टार क्रिकेटर विराट कोहली का जलवा जारी है। हाल ही में आईसीसी की वर्ष की वनडे टीम के कप्तान चुने गए कोहली को ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी वर्ष की वनडे टीम की कमान सौंप दी है।
खास बात यह है कि इसमें युवा यॉर्कर गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी शामिल किया गया है। विराट को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने अपनी वनडे टीम में स्टीवन स्मिथ पर तरजीह दी है। हालांकि स्मिथ को ऑल स्टार टीम में चुना गया है।
भारतीय टेस्ट कप्तान के लिए यह साल काफी शानदार रहा है। टेस्ट क्रिकेट में तो 28 वर्षीय विराट ने धूम मचाई ही, वनडे में उनका बल्ला खूब बोला।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान में कहा, “भारतीय टेस्ट कप्तान ने 2016 में सिर्फ दस वनडे मैच खेले, लेकिन साबित कर दिया कि वह सर्वश्रेष्ठ में से एक हैं।
उन्होंने इस साल दस पारियों में से आठ में 45 या अधिक रन बनाए, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जनवरी में लगातार दो शतक शामिल हैं। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 154 रन बनाए। उसने लक्ष्य का कामयाबी से पीछा करते हुए 90.10 की औसत से रन बनाए।
वर्ष की वनडे टीम : विराट कोहली (भारत, कप्तान), डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर, दक्षिण अफ्रीका), स्टीवन स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया), बाबर आजम (पाकिस्तान), मिशेल मार्श (ऑस्ट्रेलिया), जोस बटलर (इंग्लैंड), जसप्रीत बुमराह (भारत), इमरान ताहिर (दक्षिण अफ्रीका)।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website