
रोम। लीबिया तट पर सवारियों से भरी नाव डूबने की घटना में 100 से ज्यादा प्रवासियों के डूबकर मरने की आशंका हैं। वहीं अब तक यहां से 5 शव बरामद कर लिए गए हैं। एक सहायता संगठन ने यह जानकारी दी।
इस क्षेत्र में कार्य कर रहे एक ग्रुप प्रोएक्टिव ओपेन आर्म्स ने बताया कि गुरुवार तड़के एक नाव के डूबने के बाद एक अन्य नाव को डूबते देखा गया था। हमने पांच शवों को बाहर निकाला है।
प्रोएक्टिव की प्रवक्ता लौरा लानुजा ने बताया कि नाव के आकार को देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसमे 100 से ज्यादा लोग सवार होंगे।
राहत और बचाव कार्य में शामिल इटली तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने प्रोएक्टिव दल के जहाज गोल्फो अज्जुरो पर पांच शवों के मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि जहाज अभी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यहीं मौजूद रहेगा।
गौरतलब है कि यूरोपीय संघ और तुर्की के बीच समझौते के बाद और ग्रीस के रास्ते प्रवासियों के आने पर रोक लगा दी गई थी जिसके बाद बड़ी संख्या में प्रवासियों ने मध्य भूमध्यसागरीय क्षेत्र को पार करने की कोशिश की।
प्रवासी मामलों के अंतरराष्ट्रीय संगठन के अनुसार इस साल भूमध्यसागर पार करने की कोशिश में अब तक 559 लोगों की मौत हो गई है वहीं वर्ष 2016 में भूमध्यसागर पार करने की कोशिश करने में लगभग 5 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website