
न्यूजीलैंड के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर ब्रेंडन मैकुलम का मानना है कि टी20 की बढ़ती लोकप्रियता के कारण टेस्ट क्रिकेट जीवित नहीं रह पाएगा। 36 साल के मैकुलम ने वर्ष 2016 की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
न्यूजीलैंड के लिए 101 टेस्ट, 260 वनडे और 71 टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलने वाले मैकुलम मौजूदा समय में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सहित दुनियाभर की टी20 लीगों में खेल रहे हैं। मैकुलम ने क्रिकेट मंथली को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में टेस्ट क्रिकेट नहीं बच पाएगा क्योंकि कितनी टीमें हैं, जो इसे खेल सकती हैं।
मैकुलम ने कहा कि उन्होंने हमेशा से टेस्ट क्रिकेट का सम्मान किया और उनके लिए यह खेल का सबसे अच्छा था। उन्होंने कहा, मैं भी एक यथार्थवादी हूं और लोग टी20 देख रहे हैं। सिर्फ खेल ही नहीं बल्कि टीवी समाज भी बदल रहा है क्योंकि लोगों के पास टेस्ट क्रिकेट को देखने के लिए चार या पांच दिन नहीं हैं। वे दिन का पहला सत्र और पांचवें दिन आखिरी सत्र ही देखना चाहते हैं।
मैकुलम ने टी20 क्रिकेट में अब तक कुल 9000 से भी अधिक रन बनाए हैं और सर्वाधिक रनों के मामले में वे वेस्टइंडीज के क्रिस गेल के बाद दूसरे नंबर पर हैं। मौजूदा समय में वे आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिए खेल रहे हैं। मैकुलम ने आईपीएल के सभी 11 एडिशन में हिस्सा लिया है। मैकुलम ने टेस्ट में 6453, वनडे में 6083 और टी20 में 2140 रन बनाए थे। उनके खाते में तीनों फॉर्मेट में कुल 76 अर्धशतक और 19 शतक हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website