
कैरेबियाई तूफानी ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड (नाबाद 87 रन, 34 गेंदें, 6 चौके और 8 छक्के) ने शनिवार को करिश्माई पारी खेलते हुए 218 रन बनाने वाली चेन्नई सुपर किंग्स को हार के लिए मजबूर कर दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने फाफ डु प्लेसिस, मोईन अली और अंबाती रायुडू के अर्धशतकों की मदद से 4 विकेट पर 218 रन बनाए, जो उसका मुंबई के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। जवाब में मुंबई ने पोलार्ड की विध्वंसक पारी के दम पर आखिरी गेंद पर 219 रन बनाकर 4 विकेट से जीत दर्ज की।
आखिरी ओवर का रोमांच : आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। पोलार्ड ने लुंगी एंगिडी की पहली गेंद पर कोई रन नहीं बनाया, जबकि दूसरी और तीसरी गेंद पर दो चौके जड़ दिए। चौथी गेंद एक बार फिर डॉट रही तो फैंस की धड़कने बढ़ गईं। दो गेंदों में रन चाहिए थे। अब भी मैच फिफ्टी-फिफ्टी था, क्योंकि पोलार्ड मैदान पर थे। पोलार्ड ने 5वीं गेंद को बैकवर्ड स्क्वेयर लेग पर 6 उड़ाया तो मुंबई टीम के चेहरे पर खुशी देखने लायक थी। आखिरी गेंद पर दो रन चाहिए थे, जिसे पोलार्ड ने लॉन्ग लेग पर खेलकर बना लिए।
यह पहला मौका है, जब आईपीएल में मुंबई ने 200 से अधिक रनों का लक्ष्य हासिल किया है। रोचक बात यह है कि 218 रन चेन्नई का मुंबई के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा। इसके बावजूद उसे हार मिली।
चेन्नई की पारी का रोमांच : फाफ डु प्लेसिस (50) और मोईन अली (58) की शतकीय साझेदारी के बाद अंबाती रायुडू की नाबाद 72 रन की आतिशी पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 218 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। रायुडू ने महज 20 गेंद में अपना 20वां अर्धशतक पूरा करने के बाद 27 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और सात छक्के जड़े। उन्होंने पांचवें विकेट के लिए जडेजा के साथ 102 रन अटूट साझेदारी की जिसमें जड़ेजा का योगदान 22 गेंद में सिर्फ 22 रन का था।
बुमराह सबसे महंगे गेंदबाज : चेन्नई की टीम ने 2008 के बाद पहली बार मुंबई के खिलाफ 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इससे पहले शुरुआती ओवर में रितुराज गायकवाड़ के आउट होने के बाद डु प्लेसिस और मोईन ने दूसरे विकेट लिए 108 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। मोईन ने 36 गेंद में चार चौके और पांच छक्के जड़े । मुंबई के लिए कायान पोलार्ड सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने दो ओवर में महज 12 रन देकर दो विकेट झटके। मुंबई के मुख्य गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में एक विकेट लेकर 56 रन लुटाए, जो उनका सबसे महंगा स्पैल रहा।
रितुराज सस्त में आउट : इससे पहले चेन्नई के लिए रितुराज गायकवाड़़ ने पारी की दूसरी गेंद पर चौका लगाया लेकिन बोल्ट ने उन्हें दो गेंद के बाद ही पवेलियन की राह दिखा दी। हार्दिक ने कैच लेकर चार गेंद में उनकी चार की पारी को खत्म किया। इसके बाद फाफ डु प्लेसिस और मोईन अली ने तूफानी बैटिंग शुरू की। मोईन ने 10वें ओवर में नीशम पर छक्का और फिर एक रन के साथ 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website