Monday , April 6 2026 10:57 PM
Home / Sports / भारत-पाकिस्तान सीरीज नहीं होने पर नाराज मिस्बाह-उल-हक

भारत-पाकिस्तान सीरीज नहीं होने पर नाराज मिस्बाह-उल-हक


कराची। पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले काफी समय से द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज नहीं होने की वजह राजनीतिक मुद्दे हैं और इस तरह खेल पर प्रतिबंध लगाना किसी लिहाज से सही नहीं है।

मिस्बाह ने कहा कि उनका मानना है कि दोनों देश ही क्रिकेट खेलने को लेकर उत्साहित हैं और वह मानते हैं कि भारत भी पाकिस्तान के साथ निश्चित ही क्रिकेट खेलना चाहता है लेकिन राजनीतिक मुद्दे उनके बीच बाधा बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि इस तरह से खेल पर बैन लगाना चाहिए और क्रिकेट प्रशंसकों को खेल से दूर रखा जाना चाहिये।

पाकिस्तान के सबसे सफल टेस्ट कप्तान मिस्बाह ने साथ ही माना कि उन्हें यकीन है कि भारत भी उनके देश के साथ क्रिकेट खेलना चाहता है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम भी हमारी तरह है लेकिन वहां भी कई मुद्दे हैं। मुझे यकीन है कि जब राजनीतिक मुद्दे हल हो जाएंगे तो भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट निश्चित ही होगा। लेकिन मुझे दुख है कि दोनों देशों के युवा क्रिकेटरों को अब तक एक दूसरे के साथ खेलने का मौका नहीं मिल पाया है।

42 वर्षीय मिस्बाह ने यहां एक पाकिस्तानी समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि हमें इस बात की खुशी है कि पाकिस्तान के पास भी आईपीएल की तरह अपनी एक ट्वंटी 20 लीग है और दो ही वर्षों में हमें काफी सफलता मिली है। मुझे यकीन है कि आने वाले समय में पाकिस्तान सुपर लीग को लेकर और भी वैश्विक स्तर पर हमें सफलता हासिल होगी।

आईपीएल और पीएसएल को लेकर कप्तान ने माना कि दोनों अलग तरह की लीग है। लेकिन साथ ही कहा कि उनके हिसाब से अब आईपीएल को लोग खास पसंद नहीं करते हैं।

मिस्बाह ने कहा, मेरे हिसाब से तो आईपीएल को काफी लंबा समय हो चुका है और 2007 से अब ते उसे 10 साल हो गए, लोगों की रूचि आईपीएल में कम हुई है जबकि पीएसएल को लोग अब ज्यादा पसंद करने लगे हैं।

पाकिस्तानी कप्तान ने साथ ही अपने संन्यास को लेकर साफ किया कि वह आने वाले समय में खुद ही इस पर कोई निर्णय लेंगे। मिस्बाह के संन्यास को लेकर पिछले काफी समय से अटकलें लगाई जा रही हैं।