Tuesday , March 3 2026 11:09 PM
Home / Sports / मिशेल मार्श ने कप्तान बनते ही खेली तूफानी पारी, टी20 मैच में 111 रन से हार गया साउथ अफ्रीका

मिशेल मार्श ने कप्तान बनते ही खेली तूफानी पारी, टी20 मैच में 111 रन से हार गया साउथ अफ्रीका


ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला डरबन में खेला गया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने 111 रनों से जीत दर्ज करते हुए टी20 इंटरनेशनल की दूसरी सबसे बड़ी जीत हासिल की. ऑस्ट्रेलिया की इस जीत में कप्तान मिशेल मार्श का अहम योगदान रहा.
मार्श ने टीम के लिए 49 गेंदों में 13 चौके और 2 छक्के लगाकर 92* रनों की पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 226 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही. कप्तान मार्श के अलावा टीम के लिए नंबर छह पर बल्लेबाज़ी करते हुए टीम डेविड ने 28 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए. जवाब में अफ्रीका की टीम 15.3 ओवर में 115 पर ऑलआउट हो गई.
अफ्रीका को नहीं मिली अच्छी शुरुआत – रनों का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी. टीम ने पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर टेम्बा बावुमा के रूप में पहला विकेट गंवा दिया. बावुमा बिना खाता खेले ही पवेलियन लौटे. इसके बाद टीम की पारी कुछ संभल पाई थी कि पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर 47 रन के स्कोर पर टीम को रासी वैन डेर डुसेन (21) के रूप में दूसरा झटका लगा. रासी वैन डेर डुसेन अच्छी लय में दिख रहे थे. उन्होंने अपनी पारी में 2 छक्के और 2 चौके जड़े.
लगातार जारी रहा विकेट गिरने का सिलसिला – साउथ अफ्रीका खुद को संभाल नहीं पाई और टीम का विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा. 7वें ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान एडेन मार्करम (7) पवेलियन की ओर लौटे. फिर 9वें ओवरी तीसरी गेंद पर डेवाल्ड ब्रेविस (5) ने अपना विकेट गंवाया और अगली ही गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स गोल्डन डक का शिकार हुए. इस तरह से अफ्रीका ने 8.4 ओवर में अपने आधे विकेट गंवा दिए.
फिर कुछ देर पारी संभली, लेकिन तनवीर संघा ने 13वें की आखिरी गेंद पर मार्को जेसन (20) को पवेलियन की राह दिखा दी. इसके बाद अगले ओवर की पहली ही गेंद पर गेराल्ड कोएट्जी (1) आउट हुए. फिर 13वें ही ओवर की पांचवीं गेंद पर लिजाड विलियम्स (1) ने विकेट गंवाया. फिर टीम को ओपनिंग पर आए रीजा हेंड्रिक्स के रूप में 9वां झटका लगा. हेंड्रिक्स 43 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए. अंत में टीम ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर तबरेज शम्सी (0) के रूप में अपना आखिरी विकेट गंवाया.
खूब चमके ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ – ऑस्ट्रेलिया की ओर से बेहद ही शानदार गेंदबाज़ी देखने को मिली. टीम के लिए तनवरी संघा ने सबसे ज़्यादा 4 विकेट लिए. इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 3 विकेट अपने नाम किए. स्पेंसर जॉनसन को 2 और सीन एबॉट को 1 सफलता हाथ लगी.