
बेटी की शादी हर मां का सपना होता है और हर मां बेटी को नई शादीशुदा जिंदगी शुरू करने से पहले कुछ नसीहतें अपने प्यार के साथ देना कभी नहीं भूलती। लेकिन ब्रिटेन में एक मां द्वारा ये प्यार भरा मैसेज ऐसे अनोखे तरीके से दिया गया कि सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया । मामला ब्रिटेन के लेसेस्टरशायर का है। यहां एक युवती को अपनी मां का आखिरी मैसेज अपने वेडिंग जूतों के नीचे लिखा हुआ मिला।
एमा नाम की युवती की 2016 में सगाई हुई थी। एमा की मां कैंसर से जूझ रही थीं। सगाई के कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया। हालांकि एमा को पिछले सप्ताह जब कुरियर से वेडिंग शूज मिले तो उसने देखा कि शूज के नीचे कुछ मैसेज लिखा हुआ है। शूज के सोल पर लिखा हुआ था- मैं तुम्हें तुम्हारी शादी पर कुछ गिफ्ट करना चाहती थी, मेरी तरफ से तुम्हारे लिए ये शूज। तुम्हारा दिन अच्छा रहे। बहुत बहुत प्यार। ममा.. xxxx”।
एमा ने बताया कि ‘मुझे इसका कोई आइडिया नहीं था, लेकिन मेरा मंगेतर यह जरूर जानता था। मुझे काफी हैरानी हो रही है। शूज पर लिखा मैसेज समझते ही मैं बहुत रोई।’ एमा ने कहा कि ये सूज अब मेरे लिए बहुत स्पेशल हो गए हैं। मेरी मां को कैंसर था। अंतिम समय में उन्होंने अपने परिवार को खत लिखने शुरू कर दिए थे। मुझे उनमें से एक भी खत नहीं मिला। समय निकल गया। इसलिए उनका ये आखिरी मैसेज मेरे लिए बहुत स्पेशल है। एमा की शादी रिचर्ड नाम के युवक से अगस्त, 2019 में होगी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website