
आईपीएल की चकाचौंध भरी दुनिया में रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं लेकिन कुछ कारनामे ऐसे होते हैं जो इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों से दर्ज हो जाते हैं। 13 साल के लंबे इंतजार के बाद क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर वैसा ही करिश्मा देखने को मिला जिसने महान कीरोन पोलार्ड की याद ताजा कर दी। लखनऊ सुपर जायंट्स के युवा सितारे मुकुल चौधरी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ डेथ ओवर्स में रनों का ऐसा तूफान खड़ा किया जो अब तक आईपीएल इतिहास में केवल एक बार ही संभव हो पाया था।
पोलार्ड ने 2013 में किया था कारनामा – लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम ओवरों में 50 से अधिक रन बनाना किसी पहाड़ तोड़ने से कम नहीं है। साल 2013 में मुंबई इंडियंस के दिग्गज कीरोन पोलार्ड ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ महज 17 गेंदों पर 57 रन कूटकर एक असंभव दिखने वाली जीत दिलाई थी। तब से लेकर अब तक कई दिग्गज फिनिशर आए और गए लेकिन डेथ ओवर्स में 50+ रन बनाकर मैच जिताने का यह रिकॉर्ड अछूता ही रहा था।
मुकुल चौधरी ने बनाया रिकॉर्ड – मुकुल चौधरी ने ईडन गार्डन्स के मैदान पर केकेआर के खिलाफ जिस अंदाज में बल्लेबाजी की उसने पोलार्ड के उस 13 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मुकुल ने दबाव की परवाह किए बिना डेथ ओवर्स में 21 गेंदों पर 52 रन ठोक दिए और अपनी टीम को अंतिम गेंद पर जीत की दहलीज के पार ले गए। यह महज एक अर्धशतक नहीं था बल्कि शांत दिमाग और अविश्वसनीय पावर हिटिंग का वो नमूना था जिसने मुकुल को रातों-रात आईपीएल का नया फिनिशर बना दिया है।
मुकुल चौधरी की यादगार पारी – अंत के ओवरों में एलएसजी के 21 वर्षीय बल्लेबाज मुकुल चौधरी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेलकर लखनऊ सुपर जायंट्स को यादगार जीत दिलाई। मुकुल ने अपनी इस पारी में 2 चौके और 7 छक्के लगाए। आखिरी ओवर में जीत के लिए एलएसजी को 14 रनों की जरूरत थी। वैभव अरोड़ा के इस ओवर में मुकुल ने 2 छक्के लगाते हुए केकेआर की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। गेंदबाजी में केकेआर की ओर से वैभव अरोड़ा, अनुकूल रॉय ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, नरेन और कैमरून ग्रीन ने एक-एक विकेट निकाला।
Home / Sports / मुकुल चौधरी ने कर दिया बड़ा कारनामा, कीरोन पोलार्ड के इस रिकॉर्ड को 13 साल तक कोई छू भी नहीं पाया था
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website