
दोहा (6 अक्टूबर, 2019)- वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दसवें और आखिरी दिन 7 गोल्ड मैडल दांव पर थे। महिलाओं की 100 मीटर हर्डल्स में अमेरिका की निया अली ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया। दो बच्चों की मां होते हुए निया ने 12.34 सैकंड में रेस पूरी करते हुए पहला स्थान हासिल किया। निया ऐसी पांचवीं एथलीट हैं जिन्होंने मां होने के बावजूद वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण या रजत पदक हासिल किया है। निया के अलावा अमेरिका की एलिसन फेलिक्स ने एक गोल्ड, जमैका की शैली एन फ्रेज़र प्राइस ने दो गोल्ड, 50 किलोमीटर रेस वॉक में चीन की रुई लियांग ने एक गोल्ड और 1500 मीटर में रजत पदक जीतने वाली केन्या की फेथ किपयेगों भी शामिल हैं।
महिलाओं के लांग जंप फाइनल में जर्मनी की मलाइका मिहाम्बो ने 7.30 मीटर दूरी तक छलांग लगाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
पुरुषों की 1500 मीटर रेस में केन्या के टिमोथी चेरूईयॉट ने 3 मिनट 29.26 सैकंड में रेस पूरी करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
पुरुषों के जेवेलिन थ्रो में 21 साल के ग्रेनाडा के एथलीट एंडरसन पीटर्स ने 86.89 मीटर दूरी तक भाला फेंक कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में युगांडा के जोशुआ चेपटेगी ने पहला स्थान हासिल किया। चेपटेगी ने 26 मिनट48.36 सैकंड में रेस पूरी करते हुए 10 किलोमीटर की दूरी सबसे पहले पूरी की।
महिलाओं की 4×400 मीटर रिले रेस में अमेरिकी चौकड़ी ने बाजी मारी। चार एथलीटों में डलैला मोहम्मद और सिडनी मैक्लॉलिन भी शामिल थी जिन्होंने पिछले दिनों 400 मीटर हर्डल्स में वर्ल्ड रिकॉर्ड टाइमिंग हासिल किया था। अमेरिकी महिलाओं ने 3 मिनट 18.92 सैकंड में रेस पूरी करते हुए गोल्ड मैडल जीता।
चैंपियनशिप के आखिरी मुकाबले में पुरुषों की 4×400 मीटर रिले रेस में भी अमेरिकी टीम ने ही जीत हासिल की। अमेरिकी चौकड़ी ने 2 मिनट 56.59 सैकंड में रेस पूरी की।
10 दिनों तक चली वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अमेरिका 14 स्वर्ण, 11 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ कुल 29 पदक जीतकर पहले स्थान रहा। केन्या 5 स्वर्ण और कुल 11 पदकों के साथ दूसरे, जमैका 3 स्वर्ण और कुल 12 पदकों के साथ तीसरे, वहीं चीन 3 स्वर्ण और कुल 11 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।
दो साल बाद 2021 की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप अमेरिका के ओरेगां में होगी ।
Attachments area
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website