मियामी। अमेरिका के दक्षिणी प्रांत अर्कांसस स्थित एक नाइटक्लब में शनिवार को गोलीबारी का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया है कि घटना में 17 लोग घायल हो गए हैं।
स्थानीय केएटीवी की खबर के अनुसार, घटना शनिवार अलसुबह करीब 2ः30 बजे शहर के व्यापारिक इलाके लिटिल रॉक स्थित पॉवर अल्ट्रा लाउंज में हुई है। क्लब के भीतर गोलीबारी शुरू होने पर कुछ लोग कुचल भी गए।
लिटिल रॉक पुलिस विभाग ने ट्वीट किया, ‘हमें विश्वास नहीं है कि यह कोई आतंकी घटना है या इसे किसी पेशेवर शूटर ने अंजाम दिया है। पता चला है कि कंसर्ट में विवाद के कारण यह घटना हुई।’
पुलिस ने बाद में ट्वीट कर जानकारी दी कि गोलीबारी में घायल सभी 17 लोग जीवित हैं। एक घायल की हालत नाजुक थी, जो अब स्थिर बनी हुई है।
पुलिस ने संदिग्धों के नाम या उनके बारे में सूचना सार्वजनिक नहीं की है। नाइटक्लब की वेबसाइट के अनुसार, फिनसे 2 टाइम्स को कार्यक्रम प्रस्तुत करना था।