Friday , April 10 2026 7:59 PM
Home / News / ‘लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं’, नेतन्याहू का बड़ा बयान, हिजबुल्लाह के खिलाफ पूरी ताकत से हमला करने का ऐलान

‘लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं’, नेतन्याहू का बड़ा बयान, हिजबुल्लाह के खिलाफ पूरी ताकत से हमला करने का ऐलान


इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने लेबनान को लेकर सैन्य दबाव और कूटनीति पर एक साथ चलने की योजना बनाई है। नेतन्याहू ने कहा है कि लेबनान में कोई सीजफायर नहीं है और इजरायली सेना हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखेगी। इसके साथ ही नेतन्याहू ने लेबनान की सरकार के साथ सीधी बातचीत शुरू करने की घोषणा की। नेतन्याहू का यह बयान लेबनान पर किए गए सबसे बड़े और सबसे घातक हवाई हमलों के बाद आया है।
इजरायली प्रधानमंत्री के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किए एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने कहा, मैं आपको सूचित करना चाहता हूं- लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं है। हम पूरी ताकत से हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखे हुए हैं। इजरायली नागरिकों को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने आगे कहा कि जब तक उनकी सुरक्षा बहाल नहीं हो जाती हमले जारी रहेंगे।
लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं है। हम पूरी ताकत से हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखे हुए हैं। जब तक हम आपकी सुरक्षा बहाल नहीं लेते, तब तक हम नहीं रुकेंगे। बेंजामिन नेतन्याहू, इजरायली प्रधानमंत्री
लेबनान के साथ सीधी बातचीत – इसके पहले नेतन्याहू ने बताया था कि उन्होंने अपनी कैबिनेट को बेरूत के साथ सीधी बातचीत शुरू करने का निर्देश दिया है। उबातचीत का मुख्य जोर हिजबुल्लाह के निरस्त्रीकरण पर होगा। नेतन्याहू ने एक बयान में कहा, लेबनान की ओर से इजरायल के साथ सीधी बातचीत शुरू करने की बार-बार की गई अपीलों को देखते हुए मैंने कल कैबिनेट को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द लेबनान के साथ सीधी बातचीत शुरू करेंगे।
नेतन्याहू ने आगे कहा कि बातचीत का मुख्य जोर हिजबुल्लाह को निरस्त्र करने और इजरायल व लेबनान के बीच शांतिपूर्ण संबंध स्थापित करने पर होगा। इस बयान के कुछ देर बाद ही इजरायली सेना ने घोषणा की कि उसने लेबनान में हिजबुल्लाह के लॉन्च स्थलों पर हमला करना शुरू कर दिया है।
लेबनान मांग रहा युद्धविराम – इस बीच एक वरिष्ठ लेबनानी अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि लेबनान ने पिछले 24 घंटे इजरायल के साथ एक व्यापक बातचीत की अनुमति देने के लिए एक अस्थायी युद्धविराम की वकालत करने में बिताए हैं। अधिकारी ने कहा कि अभी कोई तारीख या जगह तय नहीं की गई है। साथ ही यह भी जोड़ा कि किसी भी समझौते के लिए अमेरिका की मध्यस्थता और गारंटी जरूरी है।