Tuesday , February 10 2026 11:11 AM
Home / Sports / ओलंपिक स्पेशल – 48 गोल्ड मैडल दांव पर, 30 जुलाई से एथलेटिक्स की शुरुआत

ओलंपिक स्पेशल – 48 गोल्ड मैडल दांव पर, 30 जुलाई से एथलेटिक्स की शुरुआत

टोक्यो में होने जा रहे 32 वें ओलंपिक खेलों में एथलेटिक्स ईवेंट्स की शुरुआत 30 जुलाई, शुक्रवार से होगी… स्विमिंग और एथलेटिक्स ईवेंट्स को ओलंपिक खेलों में सोने की खान माना जाता है क्योंकि सबसे ज्यादा गोल्ड मैडल इन्हीं दोनों खेलों में जीतने के लिए उपलब्ध होते हैं… एथलेटिक्स में इस बार 48 गोल्ड मैडल दांव पर होंगे…यानी महिला, पुरुष और मिश्रित ईवेंट्स को मिलाकर कुल 48 गोल्ड मैडल ईवेंट खेले जाएंगे… जिसमें 30 ट्रेक ईवेंट्स, 16 फिल्ड ईवेंट्स  और 2 मिक्स्ड ईवेंट्स होंगे…. मुख्य रुप से सभी की नजरें 100 मीटर फर्राटा रेस पर होती है जो हर ओलंपिक खेल के पहले शनिवार और रविवार की रात को होता है … इसमें शनिवार, 31 जुलाई को महिला 100 मीटर फाइनल और रविवार, 1 अगस्त को  रात में पुरुषों का 100 मीटर फाइनल मुकाबला होगा…

आईये एक नजर डालते हैं इन पदकों और ईवेंट्स के विवरण पर…. ट्रेक ईवेंट को दो कैटेगरी में बांटा गया है… इंडिविजुल और टीम ईवेंट.. ट्रेक में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले ईवेंट्स में 100, 200, 400 मीटर रेस हैं यानी महिला और पुरुष वर्ग मिलाकर 6 गोल्ड मैडल… साथ ही महिलाओं की 100 मीटर बाधा रेस और पुरुषों की 110 मीटर बाधा रेस  के साथ ही दोनों कैटेगरी में 400 मीटर हर्डल्स में कुल मिलाकर चार गोल्ड मैडल शामिल हैं… वहीं मध्यम दूरी में 800, 1500 और 3000 मीटर स्टीपल चेज़ शामिल हैं… जिसमें महिला और पुरुष वर्ग के लिए छह गोल्ड मैडल दांव पर होंगे… जबकि लंबी दूरी में 5000 मीटर,10000 मीटर की रेस, 42 किलोमीटर की मैराथन रेस शामिल है… इसमें भी महिला और पुरुष कैटेगरी मिलाकर छह गोल्ड मैडल और जीते जा सकते हैं… वहीं पुरुषों में 20 और 50 किलोमीटर की पैदल चाल भी शामिल होती है … जबकि महिलाओं के लिए सिर्फ 20 किलोमीटर पैदल चाल रखी गई है.. इसमें भी तीन स्वर्ण पदक शामिल होते हैं

टीम ईवेंट में इस बार तीन तरह के ईवेंट्स रखे गए हैं जिसमें 4 गुणा 100 मीटर रिले में दो गोल्ड, 4 गुणा 400 मीटर रिले में दो गोल्ड और 4गुणा 400 मीटर मिश्रित ईवेंट का एक गोल्ड मैडल भी शामिल होगा… 4 गुणा 400 मीटर मिश्रित ईवेंट ओलंपिक इतिहास में पहली बार शामिल किय गया है… यानी टीम ईवेंट में कुल पांच स्वर्ण पदक दांव पर होंगे…

अब फिल्ड ईवेंट पर नज़र दौड़ाएं तो इसमें कुल 16 स्वर्ण पदकों पर सभी की नजरें होंगी जिसमें इसमें 4 जंप और 4 थ्रो शामिल हैं… महिला और पुरुषों के लिए समान ईवेंट होते हैं जिसमें लांग जंप, हाई जंप, ट्रिपल जंप और पोल वॉल्ट शामिल होते हैं… वहीं थ्रो में शॉटपुट, डिस्कस, जैवेलिन और हैमर थ्रो शामिल हैं

जो एथलीट कई मुकाबलों में माहिर होते हैं उनके लिए पुरुषों में डेकाथलॉन यानी 10 ईवेंट्स होते हैं और पाईंट के आधार पर एक स्वर्ण पदक निर्धारित होता है जबकि महिलाओं के लिए हैप्टाथलान ईवेंट रखा गया है इसमें 7 ईवेंट शामिल किए गए हैं. और इन सातों ईवेंट्स को मिलाकर सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाले एथलीट को स्वर्ण पदक से नवाजा जाता है… इन मुकाबलों में कुल दो स्वर्ण पदक जीते जा सकते हैं..

भारतीय खेल प्रेमी दोपहर साढ़े तीन बजे (भारतीय समय के अनुसार) से एथलेटिक्स के सभी फाइनल मुकाबले देख सकेगें… हालांकि क्वालिफाईंग मुकाबले सुबह साढ़े पांच बजे (भारतीय समय के अनुसार) से ही शुरु होंगे लेकिन रोमांचकारी स्वर्ण पदक मुकाबलों को शाम को ही रखा गया है… तो तैयार हो जाईये एथलेटिक्स मुकाबलों के लिए क्योंकि इस बार 48 गोल्ड मैडल जीतने के साथ ही 48 वर्ल्ड रिकार्ड या ओलंपिक रिकार्ड भी दांव पर होंगे…

एथलेटिक्स के विस्तृत शेड्यूल के लिए टोक्यो ओलंपिक की आधिकारिक वेबसाईट को एक्सप्लोर किया जा सकता है

https://olympics.com/tokyo-2020/en/schedule/athletics-schedule#20210730_ATH