
उत्तरी व मध्य चीन में भारी बर्फबारी से आम जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। बर्फबारी के कारण यातायात बाधित हुआ है और विद्यालयों को कक्षाएं रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। सरकार के स्वामित्व वाले प्रसारक ‘सीसीटीवी’ की खबर के मुताबिक, हेबेई प्रांत में एक सुपरबाजार की छत गिरने से एक व्यक्ति की बुधवार को दबकर मौत हो गयी। चीन में विमान और ट्रेन सेवा बर्फबारी से बुरी तरह प्रभावित हुई है।
देश में विमान सेवा और ट्रेन सेवा को उपलब्ध कराने में काफी विलंब हो रहा है, या इन्हें रद्द कर दिया गया है। कई प्रांतों में अधिकारियों ने मौसम की गंभीरता को देखते हुए चेतावनी जारी की है। सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में से बर्फ हटाने के लिए उपकरणों के साथ-साथ हजारों श्रमिकों को तैनात किया गया है, जो झाड़ू और फावड़े की मदद से बर्फ को हटाने के कार्य में जुटे हैं। राजधानी बीजिंग में रातभर में लगभग पांच सेंटीमीटर (दो इंच) बर्फ गिरी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website