Tuesday , March 3 2026 11:23 PM
Home / Sports / हैदराबाद में पाकिस्तान ने रचा इतिहास, हासिल किया वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा लक्ष्य, रिजवान-शफीक के शतक

हैदराबाद में पाकिस्तान ने रचा इतिहास, हासिल किया वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा लक्ष्य, रिजवान-शफीक के शतक

अलोक गुप्ता | अब्दुल्ला शफीक के बाद मोहम्मद रिजवान की बेहतरीन शतकीय पारी से पाकिस्तान ने श्रीलंका को अपने दूसरे मैच में 6 विकेट से हरा दिया। दोनों टीमों के के बल्लेबाजों ने इस मैच में अपने बल्ले से गदर मचा कर रख दिया। मैच में श्रीलंका की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। श्रीलंका ने कुसल मेंडिस और सदीरा समरविक्रमा की शतकीय पारी से 344 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी लेकिन अब्दुल्ला शफीक और रिजवान ने जुझारू पारी से 10 गेंद शेष रहते ही पाकिस्तान को दमदार जीत दिला दी।
पाकिस्तान के लिए इस मैच में मोहम्मद रिजवान ने 121 गेंद में 131 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में रिजवान ने 8 चौके और 3 छक्का लगाया। वहीं अब्दुल्ला शफीक ने 103 गेंद में 113 रन बनाकर आउट
इससे पहले कुसल मेंडिस और सदीरा समरविक्रमा के शतक से श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ 9 विकेट पर 344 रन बनाए थे। मेंडिस ने 77 गेंद में 122 रन की पारी खेली जो विश्व कप के इतिहास में श्रीलंका की ओर से सबसे तेज शतक है। समरविक्रमा ने अपने पहले एकदिवसीय शतक के दौरान 89 गेंद में 108 रन की पारी खेलकर श्रीलंका को विश्व कप में उसके सर्वोच्च स्कोर तक पहुंचाया। मेंडिस ने पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबदबा बनाते हुए अपनी पारी में 14 चौके और 6 छक्के मारे।
उन्होंने पथुम निसांका (51) और समरविक्रमा के साथ दो शतकीय साझेदारियां की। मेंडिस के आउट होने के बाद समरविक्रमा ने जिम्मेदारी संभाली और रन गति को बनाए रखा। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के मारे। पाकिस्तान की ओर से हसन अली (71 रन पर चार विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे जबकि हारिस राउफ ने 64 रन देकर दो विकेट चटकाए। शाहीन शाह अफरीदी (66 रन पर एक विकेट) और शादाब खान (55 रन पर एक विकेट) को एक-एक विकेट मिला लेकिन वे महंगे साबित हुए।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे श्रीलंका ने दूसरे ओवर में ही कुसल परेरा का विकेट गंवा दिया था। वह शून्य पर ही आउट हो गए थे। परेरा ने हसन की गेंद पर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को कैच थमाया था। निसांका और मेंडिस ने इसके बाद पारी को संभाला। पाकिस्तान के शीर्ष तेज गेंदबाज शाहीन लाइन और लेंथ को लेकर जूझते दिखे जिसका निसांका और मेंडिस ने फायदा उठाया।
निसांका अच्छी लय में नजर आए और उन्होंने अपनी 61 गेंद की पारी के दौरान सात चौके और एक छक्का मारा। हालांकि वह अर्धशतक पूरा करने के बाद शादाब की गेंद पर प्वाइंट पर अब्दुल्लाह शफीक को कैच दे बैठे और 51 रन पर आउट हो गए। इससे मेंडिस के साथ उनकी दूसरे विकेट की 102 रन की साझेदारी का अंत हुआ।
मेंडिस ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने शादाब और राउफ के खिलाफ आसानी से रन जुटाए। उन्होंने शाहीन के एक ओवर में चार चौके भी मारे और हसन पर डीप मिड विकेट के ऊपर से छक्के के साथ शतक पूरा किया। श्रीलंका के रनों का दोहरा शतक 28वें ओवर में पूरा हुआ। अगले ओवर में मेंडिस ने हसन पर लगातार दो छक्के मारे लेकिन अगली गेंद पर बाउंड्री पर इमाम उल हक को कैच दे बैठे। इमाम ने इससे पहले 19 रन के स्कोर पर उन्हें जीवनदान दिया था।

 

हसन ने चरिथ असलंका (03) जबकि मोहम्मद नवाज ने धनंजय डिसिल्वा (25) को आउट किया। शाहीन ने कप्तान दासुन शनाका को 12 रन पर पवेलियन भेजा जिससे पाकिस्तान ने 30 से 35 ओवर के बीच सिर्फ 18 रन देकर वापसी की कोशिश की। हालांकि समरविक्रमा ने एक छोर संभाले रखा और टीम को 350 रन के करीब ले गए। वह 48वें ओवर में हसन की गेंद पर विकेटकीपर रिजवान को कैच देकर पवेलियन लौटे थे।