Tuesday , February 17 2026 10:39 AM
Home / News / पाकिस्तान की अमेरिका में लॉबिंग पर बड़ी कटौती, भारत से कम किया खर्च, अचानक क्यों मुनीर ने बदली रणनीति?

पाकिस्तान की अमेरिका में लॉबिंग पर बड़ी कटौती, भारत से कम किया खर्च, अचानक क्यों मुनीर ने बदली रणनीति?


अमेरिका में लॉबिंग पर रेकॉर्ड खर्च के बाद पाकिस्तान ने इसमें कटौती की है। पाकिस्तान का अमेरिका में सत्ता से करीबी के लिए लॉबिंग पर खर्च बीते साल, 2025 में बहुत ज्यादा बढ़ गया था। पाकिस्तान पिछले साल अगस्त में ट्रंप प्रशासन में लॉबिंग के लिए भारत से तीन गुना ज्यादा खर्च कर रहा था। फिलहाल पाकिस्तान का यूएस में लॉबिंग का खर्च भारत से कम है। पाकिस्तान ने ट्रंप प्रशासन से करीबी संबंध रखने वाली कई हाई-प्रोफाइल लॉबिंग फर्मों से कॉन्ट्रैक्ट तोड़ लिए हैं
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की अमेरिका में भारी खर्च की स्थिति 2025 के आखिर और इस साल के शुरू में पूरी तरह से बदल गई है। यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस ने बताया है कि पाकिस्तान ने जेवलिन एडवाइजर्स, सीडेन लॉ, ऑर्किड एडवाइजर्स, स्क्वॉयर पैटन बोग्स और कॉन्शियस पॉइंट कंसल्टिंग के साथ अपने समझौते खत्म कर दिए हैं।
भारत से तनाव के बाद बढ़ा था खर्च – बीते साल इस्लामाबाद ने ट्रंप सरकार में पैठ के लिए हर महीने रिकॉर्ड 600,000 डॉलर लॉबिंग पर दिए थे। पाकिस्तान के लॉबिंग खर्च में रिकॉर्ड बढ़ोतरी अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले और मई में भारत के ऑपरेशन सिंदूर से समय हुई थी। पाकिस्तान पिछले साल अगस्त में अमेरिका में लॉबिंग पर भारत से तीन गुना ज्यादा खर्च कर रहा था।
पाकिस्तान ने पब्लिक ओपिनियन बनाने और व्हाइट हाउस, कांग्रेस समेत ताकतवर इंस्टीट्यूशन को इस्लामाबाद के पक्ष में प्रभावित करने के लिए पांच फर्मों को हर महीने 50,000 डॉलर तक दिए थे। इनमें से कई फर्मों के ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन के साथ करीबी संबंध थे। इनमें से कई ने अक्टूबर 2025 में पाकिस्तान के लिए लॉबिंग बंद कर दी।