Wednesday , March 4 2026 1:17 AM
Home / Sports / पाकिस्तान ने अपने घर में इंग्लैंड के सामने टेके घुटने, तीसरे टेस्ट में भी नहीं बच पाएगी लाज

पाकिस्तान ने अपने घर में इंग्लैंड के सामने टेके घुटने, तीसरे टेस्ट में भी नहीं बच पाएगी लाज


पाकिस्तान के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम ने अपना मजबूत शिकंजा कस लिया है। अपने घर में पाकिस्तानी टीम की हालत पस्त हो चुकी है और वह 3-0 से सीरीज गंवाने की कगार पर है। पाकिस्तानी टीम ने अपनी दूसरी पारी में इंग्लैंड के सामने 167 रनों का लक्ष्य दिया था जिसके जवाब में उसने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक सिर्फ दो विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। ऐसे में इंग्लैंड की टीम जीत से सिर्फ 55 रन दूर है।
स्टंप्स के समय बेन डकेट (50) के साथ कप्तान बेन स्टोक्स (10) क्रीज पर मौजूद थे। जैक क्राउली 41 जबकि रेहान अहमद 10 रन बनाकर आउट हुये। दोनों विकेट अबरार अहमद को मिले। इंग्लैंड ने सीरीज का पहला मैच 26 जबकि दूसरा मैच 74 रन से जीता था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए क्राउली और डकेट ने 69 गेंद में 87 रन की साझेदारी कर पाकिस्तान के गेंदबाजों को दबाव में डाल दिया। पाकिस्तान की पहली पारी को 304 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने हैरी ब्रुक की लगातार तीसरी शतकीय पारी के दम पर 354 रन बनाकर 50 रन की बढ़त हासिल की। घरेलू सरजमीं पर पहली बार 0-3 की हार के करीब पहुंचे पाकिस्तान ने अपने आखिरी सात विकेट 52 रन के अंदर गंवा दिये। रेहान अहमद ने इस दौरान अपनी गुगली और लेग स्पिन से बल्लेबाजों को खूब नचाया।
18 साल के रेहान के आगे बाबर ने टेके घुटने – इंग्लैंड के लिए इस मैच में 18 साल के लेग स्पिनर रेहान अहमद ने अपना डेब्यू किया और पहले ही मैच में वह छा गए। मैच में उन्होंने पांच विकेट झटके और ऐसा करने वाले वह बसे युवा गेंदबाज बने। रेहान अहमद ने अर्धशतक जमाने वाले बाबर आजम (54) और सउद शकील (53) के विकेट भी चटकाए उन्होंने कप्तान बाबर को पवेलियन भेजकर इन दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी को तोड़ा।
रेहान ने मैच में 48 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि अनुभवी स्पिनर जैक लीच ने 72 रन खर्च कर तीन सफलता हासिल की जिससे पाकिस्तान की दूसरी पारी 216 रन पर सिमट गई।