
इस्लामाबाद। नौसेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव मामले में पाकिस्तान अपनी हठधर्मिता से बाज नहीं आ रहा है। उसने जाधव को राजनयिक पहुंच देने का भारत का अनुरोध एक बार फिर ठुकरा दिया है। इस्लामाबाद का कहना है कि जाधव का मामला पाकिस्तानी जेलों में बंद अन्य भारतीय कैदियों से अलग है।
जासूसी का आरोप लगाकर पाकिस्तानी सैन्य अदालत उनको फांसी की सजा सुना चुकी है। भारत ने शनिवार को पूर्व नौसेना अधिकारी को राजनयिक पहुंच देने की मांग की थी। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि भारत का पाकिस्तानी जेलों में बंद नागरिकों और मछुआरों को जाधव के बराबर मानना हास्यास्पद है।
उसने आरोप लगाया कि जाधव एक पूर्व नौसेना अधिकारी हैं और उनको जासूसी, आतंकवाद और तोड़फोड़ के लिए पाकिस्तान भेजा गया। पाकिस्तान इससे पहले भी 15 से अधिक बार जाधव को राजनयिक पहुंच देने का भारत का अनुरोध ठुकरा चुका है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website