Friday , February 20 2026 5:51 AM
Home / News / भारत के राफेल से निपटने के लिए पाकिस्‍तान ने 50 साल पुराने मिराज को किया अपग्रेड, कर पाएगा मुकाबला?

भारत के राफेल से निपटने के लिए पाकिस्‍तान ने 50 साल पुराने मिराज को किया अपग्रेड, कर पाएगा मुकाबला?


पाकिस्तान ने अपने करीब 50 साल पुराने लड़ाकू विमानों मिराज-III और मिराज-V बेड़े में इटली के बने ग्रिफो-ई सक्रिय इलेक्ट्रॉनिक स्कैन एरे (एईएसए) रडार को इंटीग्रेट करने का प्लान बनाया है। डिफेंस सिक्योरिटी एशिया की रिपोर्ट में ये दावा किया गया है। पाकिस्तान की कोशिश मिराज विमानों को अपग्रेड करना है और उनमें नई टेक्नोलॉजी इंटीग्रेट करना है। पाकिस्तान की कोशिश, नये रडार सिस्टम के साथ भारतीय राफेल लड़ाकू विमानों का मुकाबला करना है, जिसके पास अत्याधुनिक स्पेक्ट्रा रडार सिस्टम है। खासकर भारत ने जबसे फ्रांस से 114 राफेल और खरीदने का फैसला किया है, उसके बाद से ही पाकिस्तान में खूब बेचैनी देखी जा रही है।
पाकिस्तान चूंकि पैसों की किल्लत से जूझ रहा है और उसके लिए नये फाइटर जेट खरीदने में निवेश करना काफी मुश्किल है, इसलिए उसने पुराने विमानों को अपग्रेड करने का फैसला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान जिस इतालवी रडार ग्रिफो-ई एईएसए को मिराज के साथ इंटीग्रेट करने की योजना पर काम कर रहा है, उसकी रेंज 157 किलोमीटर के आसपास है। ये एक साथ 24 हवाई लक्ष्यों पर नजर रख सकता है। पाकिस्तान के एक्सपर्ट्स का दावा है उच्च घनत्व वाले युद्ध के दौरान ये रडार काफी असरदार साबित हो सकते हैं।
पाकिस्तानी मिराज कर पाएगा राफेल का मुकाबला – डिफेंस एक्सपर्ट्स का कहना है कि पाकिस्तान जिन मिराज विमानों को अपग्रेड कर रहा है, वो अब करीब 40 से 50 साल पुराने हो चुके हैं। नया रडार लगाने से उनकी “आंखें” भले ही तेज हो सकती हैं, लेकिन उनकी उड़ने की क्षमता और आधुनिक मिसाइलों को झेलने की शक्ति राफेल या सुखोई जैसी नहीं हो सकती। इसके अलावा राफेल में ‘Spectra’ सिस्टम है, जो दुनिया का सबसे बेहतरीन इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सूट है। इसे बनाया ही दुश्मन विमानों के रडार को जाम करने के लिए गया है। इसका मतलब ये हुआ कि मिराज लड़ाकू विमान में जो नया रडार लगाया जाएगा, वो शायद राफेल विमान को देख ही नहीं पाए।