Thursday , March 12 2026 1:07 AM
Home / Uncategorized / PAK के डिप्टी पीएम डार का छलका दर्द, बोले- भारी टैक्सों के कारण भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापार हुआ बंद

PAK के डिप्टी पीएम डार का छलका दर्द, बोले- भारी टैक्सों के कारण भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापार हुआ बंद


कंगाल पाकिस्तान का एक बार फिर भारत के साथ कारोबारी संबंध न होने का दर्द से छलका है ।पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने शनिवार को कहा कि पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान से आयात पर भारत द्वारा शुल्क लगाने का फैसला किया, जिसके कारण दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध 2019 से निलंबित हैं। डॉन के अनुसार, नेशनल असेंबली में शनिवार को डार ने कहा कि पुलवामा के बाद भारत ने पाकिस्तान से आयात पर 200 प्रतिशत शुल्क लगाने का फैसला किया। भारत ने कश्मीर बस सेवा व व्यापार को भी निलंबित कर दिया।
डार पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की सांसद शर्मिला फारुकी के एक सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने पड़ोसी देशों, खासकर भारत के साथ पाकिस्तान के संबंधों में आने वाली व्यापारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी मांगी थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्री का भी पद संभाल रहे डार ने कहा, हम भारत के साथ जम्मू-कश्मीर समेत सभी मुद्दों के निपटारे के लिए लगातार रचनात्मक व परिणाम देने वाली वार्ता की वकालत कर रहे हैं।अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को संसद की तरफ से खत्म किए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ संबंध शिथिल कर दिए थे।
अब यह भारत पर निर्भर करता है कि वह शांति व संवाद के लिए उपयुक्त माहौल तैयार करे। वहीं, इस पूरे मामले पर शुरू से ही भारत कहता रहा है कि वह पाकिस्तान के साथ सामान्य पड़ोसी की तरह संबंधों की इच्छा रखता है। लेकिन, इसके लिए आतंक व शत्रुता मुक्त वातावरण बनाने की जिम्मेदारी इस्लामाबाद पर है। डार ने इसी साल मार्च में लंदन में संवाददाताओं के साथ बातचीत में भारत के साथ व्यापारिक गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए पाकिस्तान के व्यापारिक समुदाय की उत्सुकता पर प्रकाश डाला था। हालांकि, बाद में उनके कार्यालय ने सफाई दी थी कि पाकिस्तान की भारत के साथ व्यापार संबंधों को फिर से शुरू करने की कोई योजना नहीं है।