
लंदन। घुटने की परेशानी के कारण ऑपरेशन करा चुके लोगों के लिए अच्छी खबर है। एक ब्रिटिश वैज्ञानिक ने अंतरिक्ष विज्ञान के सिद्धांत की मदद से एंटी ग्रेविटी ट्रेडमिल तैयार किया है।
इससे न केवल दोबारा घुटने में परेशानी का डर खत्म होगा, बल्कि व्यक्ति के लिए फिर से अपने पसंदीदा खेल खेलना संभव हो सकेगा। एंटी ग्रेविटी यानी प्रति-गुरुत्वाकर्षण वह स्थिति है जिसमें व्यक्ति को अंतरिक्ष में होने जैसा अनुभव होता है। गुरुत्वाकर्षण कम होने के कारण व्यक्ति को अपना भार बहुत हल्का महसूस होता है।
ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी केंट के केरेन हंबली ने कहा, ‘घुटने के ऑपरेशन के बाद व्यक्ति के लिए व्यायाम जरूरी होता है। चलने-फिरने से घुटनों में मजबूती आती है, लेकिन व्यक्ति ज्यादा दबाव के भय से खुलकर नहीं चल पाता। एंटी ग्रेविटी ट्रेडमिल से यह डर खत्म हो सकेगा। इस ट्रेडमिल पर व्यायाम करते समय व्यक्ति को अपना भार बहुत कम अनुभव होगा। इससे वह खुलकर व्यायाम कर पाएगा।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website