Wednesday , October 15 2025 3:22 AM
Home / Off- Beat / पेंशनर ने चुराया 19 रुपए का टॉयलेट पेपर, लगा 1.24 लाख रुपए का जुर्माना

पेंशनर ने चुराया 19 रुपए का टॉयलेट पेपर, लगा 1.24 लाख रुपए का जुर्माना


टोक्यो। जापान में चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां के एक अस्पताल से टॉयलेट पेपर को चुराने वाले 64 वर्षीय बुजुर्ग पेंशनर को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उस पर एक लाख 24 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। दिलचस्प बात यह है कि उसने जो टॉयलेट पेपर चुराया था, उसकी कीमत महज 19 रुपए थी।
आरोपी बुजुर्ग का नाम जाहिर नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि उसने ओकिनोशिमा के एक अस्पताल के रेस्ट रूम से टॉयलेट पेपर चुराया था। यह इलाका जापान के पश्चिमी तट पर पड़ता है। बुजुर्ग पर लगाए गए जुर्माने को लेकर जापान के मीडिया संस्थानों और ब्लॉग पर बहस छिड़ गई है। कई लोग हैरानी जता रहे हैं कि उस पर इतना भारी-भरकम जुर्माना आखिर क्यों लगाया गया है।
एक ब्लॉगर ने लिखा कि मुझे काफी दुख हुआ है। हॉस्पिटल, पुलिस और कोर्ट ने इस मामले में जरूरत से ज्यादा ही प्रतिक्रिया दी है। दूसरे यूजर ने कहा कि यह फैसला पागलपन भरा है। एक अन्य यूजर ने लिखा- वह जरूर ही टॉयलेट पेपर खरीदने में सक्षम नहीं रहा होगा। कई यूजर्स ने लिखा कि बुजुर्ग पर जितना जुर्माना लगाया गया है, उससे वह 6,000 टॉयलेट रोल्स खरीद सकता था।
बताते चलें कि दो साल पहले हुए एक ऑनलाइन जापानी सर्वे में पाया गया था कि 8.7 फीसद लोग अतीत में पब्लिक रेस्टरूम से जानबूझकर टॉयलेट पेपर अपने घरों में ले गए थे। इस सर्वे को कुछ न्यूज ब्लॉग ने दिखाया। हालांकि, कुछ लोग उस बुजुर्ग को दी गई सजा के समर्थन में भी है। उन्होंने बुजुर्ग के काम की आलोचना करते हुए लिखा है कि चोरी आखिर चोरी होती है।
हालांकि, यह पता नहीं चल सका है कि उस बुजुर्ग ने आखिर टॉयलेट पेपर की चोरी क्यों की थी। बताते चलें कि हाल के वर्षों में जापान के बुजुर्ग हो रहे लोगों में गरीबी बढ़ती जा रही है। जापान में छोटे अपराधों जैसे दुकान से कुछ सामान चुरा लेना सलाखों के पीछे पहुंचने का आम कारण है। यह जाहिर कर रहा है कि वहां के बुजुर्ग कितने वित्तीय संकट का सामना कर रहे हैं।