
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ उनकी बैठक ‘‘शानदार” रही और इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। मोदी संयुक्त अरब अमीरात की दो दिवसीय यात्रा के बाद बुधवार को दोहा पहुंचे। यह प्रधानमंत्री की कतर की दूसरी यात्रा है, इससे पहले वह जून 2016 में कतर आए थे। मोदी ने बैठक के बाद ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘ प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ बैठक शानदार रहीं। हमारी बातचीत भारत और कतर के बीच मित्रता को बढ़ाने के तरीकों पर केन्द्रित रही।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कहा था कि प्रधानमंत्री और कतर के प्रधानमंत्री के बीच ‘‘सार्थक” बातचीत हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ दोहा में रचनात्मक बैठक की। व्यापार और निवेश, ऊर्जा, वित्त जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।” हवाई अड्डे पर विदेश मंत्री सुल्तान बिन साद अल-मुरैखी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। कतर के प्रधानमंत्री ने मोदी के सम्मान में रात्रिभोज दिया जिसमें प्रधानमंत्री ने शिरकत की।
Home / Uncategorized / PM मोदी ने कतर के प्रधानमंत्री अब्दुलरहमान से की मुलाकात, बोले-‘‘शानदार’ रही बैठक
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website