
समुद्र का किनारा हो या फिर बर्फ से ढकी वादियां… नजारा जितना खूबसूरत होगा, माहौल उतना ही रोमांटिक हो जाता है। अक्सर ऐसी जगहों पर प्यार करने वाले अपने साथी से इजहार-ए-मोहब्बत करते हैं। ताकि उनकी यादों में ना सिर्फ प्यार के वो तीन अलफाज कैद हो जाएं बल्कि वो जगह भी उनकी हसीन याद की गवाह बन जाए। ऐसा ही प्लान था यूरोपियन देश ऑस्ट्रिया के एक कपल का। सब कुछ शानदार था लेकिन जैसे ही लड़के ने गर्लफ्रेंड को प्रपोज किया हसीन दृश्य खौफनाक मंजर में बदल गया। हालांकि, दोनों खुशकिस्मत रहे जो इस हादसे में बच गए।
क्या है पूरी कहानी? : दरअसल, कपल ऑस्ट्रिया के कारिंथिया में फॉल्कर्ट पहाड़ी पर रोमांटिक पल बिताने गया था। इसी दौरान 27 वर्षीय शख्स ने 32 साल की गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज कर दिया। प्रेमिका ने जैसे ही जवाब में ‘हां’ कहा, तो उसका पैर फिसला और करीब 650 फीट ऊंची चट्टान से नीचे जा गिरी। जानकारी के अनुसार प्रेमिका को गिरता देख शख्स ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी। लेकिन वो चट्टान से कूदा तो जरूर, लेकिन 50 फीट नीचे आकर एक जगह अटक गया।
संतुलन बिगड़ने से गिरे नीचे : एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘दोनों बहुत किस्मत वाले थे। अगर बर्फ की चादर ना होती तो इस हादसे की तस्वीर कुछ और ही होती। उन्होंने आगे कहा, कपल चट्टान के किनारे पर खड़ा था और संतुलन बिगड़ने से पहले लड़की और उसके पीछे-पीछे लड़का चोटी से गिरा। लड़का 50 फीट नीचे गिरने पर एक चट्टान से टकराया और वहीं फंस गया, जबकि उसकी प्रेमिका 650 फीट नीचे बर्फ की चादर पर गिरी।
हेलिकॉप्टर से किया गया रेस्क्यू! : बता दें, एक राहगीर ने महिला को देखा और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद महिला को हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया। दोनों को कुछ फैक्चर हुए। अब दोनों की हालत बेहतर हो रही है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website