
मॉस्को । रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन की पूर्व पत्नी ल्यूडमिला पुतिना एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। दरअसल, ल्यूडमिला ने फ्रांस में करीब 70 लाख डॉलर (38.56 करोड़ रुपए) का एक आलीशान बंगला खरीदा है जो अब सवालों के घेरे में आ गया है।
इस बंगले के दस्तावेज ल्यूडमिला के वर्तमान पति आर्थर ऑचेरेटनी के नाम हैं। स्थानीय मीडिया का कहना है कि आखिर कम आय होने के बावजूद ल्यूडमिला या उनके पति ऑचेरेटनी इतना महंगा बंगला कैसे खरीद सकते हैं। इस बारे में क्रेमलिन ने भी कोई प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया।
गौरतलब है कि 59 वर्षीय ल्यूडमिला ने बीते वर्ष अपने से 20 साल छोटे आर्थर से विवाह किया था और उपनाम पुतिना से बदलकर ऑचेरेटनी कर लिया था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, ऑचेरेटनी पेशे से ल्यूडमिला से संबंधित दो गैर-लाभकारी संगठनों के प्रमुख हैं।
उनकी आय या संपत्ति इतनी नहीं है कि वह इतना महंगा बंगला खरीद सके। वहीं, ल्यूडमिला ने तलाक से पहले भी अपनी संपत्ति ढाई से तीन लाख रुपए ही बताई थी। इसे रूस के प्रथम परिवार की अघोषित संपत्ति पर भी सवाल उठने लगे हैं।
2013 में रूसी राष्ट्रपति से लिया था तलाक
ल्यूडमिला ने 30 साल के विवाह के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन से 2013 में तलाक ले लिया था। पुतिन से विवाह से पहले वह एरोफ्लोट में पेशे से फ्लाइट अटेंडेंट थीं। पुतिन और ल्यूडमिला की दो बेटियां हैं जो बेहद कम ही सार्वजनिक मौकों पर दिखाई दी हैं। तलाक के बाद पुतिन भी पूर्व जिमनास्ट एलिना काबायेवा से अपने विवाह को लेकर भी सुर्खियों में रहे हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website