
स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड को पिछले हफ्ते लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग का खिताब दिलाने वाले फ्रैंच कोच जिनेदिन जिदान ने अपने पद से इस्तीफा देकर सभी को हैरानी में डाल दिया है। फ्रांस की राष्ट्रीय टीम के पूर्व कोच 45 वर्षीय जिदान ने इसकी घोषणा की है। पिछले शनिवार को खेले गए मैच में रियल ने लिवरपूल को 3-1 से हराकर लगातार तीसरी बार चैम्पियंस लीग खिताब जीता था। ऐसे में जिदान पहले ऐसे कोच बन गए जिनके मार्गदर्शन में क्लब ने लगातार तीन बार लीग खिताब जीता।
फ्रांस के 45 साल के जिदान ने कहा, मुझे इस क्लब से प्यार है। मेरा ये मानना है कि इस टीम को जीत की राह पर अपना सफर बरकरार रखना चाहिए, लेकिन मुझे लगता है कि इसे बदलाव की जरूरत है। जिदान ने कहा- क्लब को एक नई आवाज की जरूरत है, एक नई पद्धति की जरूरत है और इसीलिए, मैंने ये फैसला लिया है।
आपको बता दें इस साल फरवरी में एक बयान में जिदान ने कहा था कि अगर उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनकी ओर से क्लब को और कुछ देने की जरूरत नहीं है, तो वो कोच पद से अलग हो जाएंगे। जिदान ने कहा- मुझे पता है कि इस तरह के फैसले लेने का ये पल अजीब है, लेकिन ये जरूरी था। मुझे सबके लिए ये करना ही था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website