
भारत से थाईलैंड लाए गए भगवान बुद्ध और उनके दो शिष्यों के अवशेषों को शुक्रवार को बैंकॉक के सनम लुआंग मंडप में विशेष रूप से निर्मित पंडाल में श्रद्धा और मंत्रोच्चार के बीच प्रतिष्ठापित किया गया।
भारत के संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने भगवान बुद्ध के अवशेषों को मंडप में प्रतिष्ठापित करने के लिए थाईलैंड के प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन को सौंपा जबकि अरहंत सारिपुत्र और महा मौदगल्यायन के अवशेषों को केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने थाईलैंड के उप-प्रधानमंत्री सोमसाक थेपसुतिन और थाई संस्कृति मंत्री को सौंपा।
अवशेषों को बृहस्पतिवार को भारतीय वायुसेना के एक विशेष विमान से लाया गया था। इन्हें थाईलैंड में 22 फरवरी से शुरू होने वाली 26 दिवसीय प्रदर्शनी के हिस्से के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने नयी दिल्ली में कहा कि ऐसा पहली बार होगा जब भगवान बुद्ध और उनके शिष्यों के अवशेषों को एक साथ प्रदर्शित किया जाएगा। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में 22 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अवशेषों के साथ थाईलैंड पहुंचा है।
Home / Uncategorized / भारत से थाईलैंड लाए गए भगवान बुद्ध के अवशेष, सनम लुआंग मंडप में किए गए प्रतिष्ठापित (Pics)
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website