Monday , February 9 2026 5:47 PM
Home / Sports / रिकी पॉन्टिंग ने बताया कैसे और कब पड़ा नाम ‘पंटर’

रिकी पॉन्टिंग ने बताया कैसे और कब पड़ा नाम ‘पंटर’


रिकी पॉन्टिंग ने सुनाया किस्सा
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कैप्टन रिकी पॉन्टिंग को ‘पंटर’ नाम से बुलाया जाता है, यह बात तो कई लोगों को पता होगी लेकिन शायद यह किसी को न पता हो कि यह नाम उन्हें किसने और क्यों दिया। रिकी ने ट्विटर पर एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए इस राज से भी पर्दा खोल ही दिया। पॉन्टिंग ने बताया कि टीम में उनके पूर्व साथी शेन वॉर्न ने उन्हें यह नाम दिया था।
यूं पड़ा नाम
पूरे क्रिकेट जगत में पॉन्टिंग का यह नाम प्रचलित है और कई खिलाड़ी उन्हें इसी नाम से पुकारते हैं। अब पॉन्टिंग ने बताया है कि यह नाम उन्हें लेग स्पिनर वॉर्न ने दिया था। पॉन्टिंग ने लिखा, ‘1990 में जब हम क्रिकेट अकैडमी में रह रहे थे तब हमें हर महीने 40 डॉलर मिलते थे। मैं तब टीएबी में कुत्तों पर पैसा लगाने जाता था और तब शेन वॉर्न ने मुझे पंटर नाम दिया।’ ऑस्ट्रेलिया में शब्द ‘पंट’ का संबंध घोड़ों या कुत्तों की रेस में उन पर शर्त लगाने से माना जाता है।
पंत को पॉन्टिंग का सपॉर्ट
पॉन्टिंग ने ऑस्ट्रेलिया को दो बार अपनी कप्तानी में विश्व विजेता बनाया था। उन्हीं की कैप्टंसी में दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के बीते सीजन में लंबे अरसे बाद प्लेऑफ में पहुंची। दिल्ली की टीम के हिस्सा युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत इस समय बुरे दौर से गुजर रहे हैं और भारतीय टीम की अंतिम-11 से बाहर हैं। पॉन्टिंग ने पंत को सपॉर्ट किया है और कहा है, ‘ऋषभ पंत प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं। मैं आईपीएल में फिर से उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि वह जल्द ही भारतीय टीम में वापसी करेंगे।’