
दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंडुलकर ने लॉकडाउन के इन दिनों में अपना हेयरकट खुद ही कर लिया है। तेंडुलकर ने अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि चाहे स्क्वेयर कट हो या हेयरकट खुद से करने में सब एंजॉय करता हूं।
लॉकडाउन में सब कुछ बंद है तो ऐसे में पुरुषों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी शेविंग और हेयरकट की है। सिलेब्रिटीज तो यह काम अब खुद से कर रहे हैं। खुद से हेयरकट करने की इस मुहिम में अब सचिन तेंडुलकर भी शामिल हो गए हैं। मास्टर ब्लास्टर ने खुद से हेयरकट करते हुए अपनी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया वेबसाइट इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं।
शीशे के सामने खड़े होकर सचिन अपने बाल खुद ही कैंची से काट रहे हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘स्क्वेयर कट्स खेलने से लेकर खुद का हेयर कट्स भी करना हो तो भी मैंने हमेशा ही अलग-अलग चीजे करना एंजॉय किया है। मेरा यह नया हेयरस्टाइल कैसा लग रहा है। लग रहा हूं आलिम हकीम और नंदन नाईक।’ सचिन ने देश के इन दो विख्यात हेयरस्टाइलिस्ट (आलिम हकीम और नंदन नाईक) को अपना यह संदेश टैग भी किया है।
बता दें इससे पहले लॉकडाउन में बाल कटाने का यह सिलसिला टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने शुरू किया था। विराट ने अपनी पत्नी अनुष्का से अपना हेयरकट कराया था। इसके बाद पुर्तगाल के फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी अपनी गर्लफ्रेंड से अपना हेयरकट कराया था। मास्टर ब्लास्टर ने खुद ही अपने हेयरकट को अंजाम दिया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website