
बर्लिन। जर्मनी में रेत से सबसे ऊंचा महल बनाने का नया विश्व कीर्तिमान बना है। इसकी ऊंचाई 16.68 मीटर नापी गई है। इसने भारतीय कलाकार सुदर्शन पटनायक के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। पटनायक ने इस साल दस फरवरी को पुरी में 14.84 मीटर ऊंचा बालू का महल बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
जर्मनी के ड्यूसबर्ग में रेत से विशाल महल बनाया गया है। इस पर पीसा की मीनार समेत दुनिया के कई पर्यटक स्थलों की आकृतियां उकेरी गई हैं। इसे बनाने में कलाकारों की एक टीम को करीब एक महीना लग गया।
महल बनाने में करीब 3500 टन रेत का इस्तेमाल किया गया। 168 ट्रकों से इतनी रेत एकत्र करने में एक हफ्ते का वक्त लग गया था।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारी जैक ब्रोकबैंक ने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के सामने इस महल की ऊंचाई को सत्यापित किया। इसके बाद उन्होंने एलान किया कि इस टीम ने पूर्व के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website