
नई दिल्ली: भारतीय स्टार टैनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस ने अचानक अपनी शानदार जोड़ी तोडऩे का फैसला किया है जिसने पिछले साल विश्व टैनिस में तहलका मचा दिया था जब उन्होंने साल के अंत के डब्ल्यूटीए चैम्पियनशिप सहित नौ खिताब अपनी झोली में डाले थे।
सानिया और स्विस स्टार मार्टिना ने पिछले साल मार्च में लगातार तीन खिताब (इंडियन वेल्स, मियामी और चार्ल्सटन में) जीतकर धमाके के साथ अपनी भागीदारी की शुरूआत की थी। मार्टिना के साथ भागीदारी में चार्ल्सटन में खिताब जीतकर सानिया दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बनी थी। मार्टिना के साथ ही उन्होंने विम्बलडन में अपना पहला महिला युगल ग्रैंडस्लैम खिताब भी जीता था। बाद में इस जोड़ी ने 2015 यूएस ओपन भी जीता था।
सानिया के करीबी सूत्रों ने कहा कि हां, साझेदारी खत्म हो गई है। इन्होंने पिछले 5 महीनों में इच्छा अनुरूप परिणाम नहीं हासिल किए। आप देखिए, वे शीर्ष 100 के बाहर की खिलाडिय़ों से हार गई और यह साफ दिखता है कि कुछ गलत है। लेकिन यह एक नियमित प्रक्रिया है, अगर परिणाम नहीं मिल रहे तो आप जोड़ीदार बदल सकते हैं। सानिया अब दुनिया की 21वें नंबर की चेक गणराज्य की खिलाड़ी बारबोरा स्ट्रीकोवा के साथ जबकि हिंगिस अमेरिका की कोको वंदेवेघे के साथ जोड़ी बनाएंगी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website