
सेंट पीटर्सबर्गः रूस में चल रहे फीफा विश्वकप के ग्रुप E मुकाबले में रविवार को कोस्टा रिका और सर्बिया के बीच मैच हुआ। कप्तान अलेक्सांद्र कोलारोव की दूसरे हाफ में लहराती फ्री किक पर किये बेहतरीन गोल की मदद से सर्बिया ने कोस्टा रिका को फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के ग्रुप ई मैच में रविवार को 1-0 से हरा दिया।
पहला हाफ गोल रहित रहने के बाद मैच का एकमात्र महत्वपूर्ण गोल कोलारोव ने 56वें मिनट में किया और अपनी टीम को पूरे तीन अंक दिला दिए। डिफेंडर कोलारोव ने बाएं पैर से जो शॉट लगाया वह खिलाडिय़ों की दीवार के ऊपर से लहराता हुआ गोल के दाएं ऊपरी हिस्से में समा गया और गोलकीपर केलर नवास कुछ नहीं कर सके।PunjabKesari
पिछले विश्व कप के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाले कोस्टा रिका ने बराबरी पर आने की भरपूर कोशिश की लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली। निर्धारित 90 मिनट के बाद इंजरी समय में करीब आठ मिनट का खेल हुआ लेकिन सर्बिया ने अपना गोल बचाये रखा और तीन अंक हासिल कर लिए।
सर्बिया और कोस्टा रिका की टीमों को मौजूदा विश्वकप में‘अंडरडॉग’माना जा रहा है और सर्बिया की जीत ने उसके लिए उम्मीदें बढ़ा दी हैं। इस ग्रुप की दो अन्य टीमें ब्राजील और स्विट्जरलैंड हैं। इस बीच ब्रानिस्लाव इवानोविच ने इस मैच में उतरने के साथ अपने 104 मैच पूरे कर लिए और सर्बिया के लिये सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website