
नई टीम इंडिया के लड़कों ने जब इंग्लैंड की धरती पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए कदम रखे थे, तो यह उसके लिए सबसे कठिन चुनौतियों में से एक माना जा रहा था। विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की विदाई के बाद अपेक्षाकृत कम अनुभवी शुभमन गिल के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम को एक नई इबारत लिखनी थी। सीरीज के पहले चार टेस्ट मैचों में उसने मेजबान टीम को खेल के हर विभाग में कड़ी और भरपूर टक्कर दी। सीरीज में 1-2 से पिछड़ रही भारतीय टीम का प्रदर्शन कहीं से भी उसकी साहसिक लड़ाई की सही तस्वीर बयां नहीं कर रही, लेकिन खुद इंग्लिश टीम को पता होगा कि यह भिड़ंत कितनी करीबी रही है।
लीड्स के पहले टेस्ट में जोरदार खेल के बावजूद भारत पांच विकेट से हारा, लेकिन बर्मिंघम में पलटवार कर मेजबान को 336 रनों की बड़ी शिकस्त सौंपी। लॉर्ड्स में भारत जीत की दहलीज पर पहुंचने के बाद 22 रनों से मुकाबला गंवा बैठा, मगर मैनचेस्टर में पूरे टीम एफर्ट के साथ भारत ने एक लगभग तय हार को टाला उसने दिखाया कि यह टीम इतनी आसानी से बाजी हाथ से नहीं निकलने देगी। ऐसे में शुभमन सेना आज से लंदन के द ओवल मैदान में आखिरी टेस्ट खेलने उतरेगी, तो भले ही उसकी झोली में सीरीज जीत नहीं आएगी, लेकिन वह इस मुकाबले को जीतकर बहुत कुछ हासिल कर लेगी। सीरीज को 2-2 से बराबर कर भारतीय टीम एक इम्पेक्ट पैदा करते हुए बड़े आत्मविश्वास के साथ विदाई लेने की कोशिश करेगी।
बेन स्टोक्स के बाहर होने से चांस बढ़े – भारतीय टीम के लिए आखिरी टेस्ट से पहले अहम खबर आई कि करिश्माई विपक्षी कप्तान बेन स्टोक्स चोटिल होने के कारण नहीं खेल पाएंगे। जबकि तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी बाहर रहेंगे। इन दोनों की गैरमौजूदगी का इंग्लैंड टीम पर असर पड़ना तय है। ऐसे में कार्यवाहक कप्तान ओली पोप के लिए यह कड़ी चुनौती होगी। भारत की तरफ से इस मैच में गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत बाहर बैठना तय है। उनकी जगह आकाश दीप को प्लेइंग इलेवन में लिया जा सकता है।”
Home / Sports / शुभमन सेना दांव पर लगी है इज्जत, अबकी बार कर लो अंग्रेजों का शिकार, द ओवल की छाती पर लिख दो भारत का नाम
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website