
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस का रोमांच से गहरा नाता जुड़ गया है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पिछला मैच आखिरी ओवर में हारने के बाद, बुधवार रात दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध किस्मत ने गुजरात का साथ दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में गुजरात ने मेजबान दिल्ली को महज 1 रन से हराकर न केवल अपनी जीत का खाता खोला, बल्कि दिल्ली के अजेय रथ को भी रोक दिया।
आशीष नेहरा को चढ़ गया गुस्सा – इस हाई-वोल्टेज मैच के दौरान एक वक्त ऐसा भी आया जब गुजरात के हेड कोच आशीष नेहरा अपना आपा खो बैठे। मामला पारी के 16वें ओवर का है जब अशोक शर्मा की गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने एक रन चुराने की कोशिश की। कप्तान शुभमन गिल ने फुर्ती दिखाते हुए स्ट्राइकर एंड पर थ्रो किया और गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी। किस्मत खराब रही कि गेंद विकेट से टकराकर बाउंड्री पार चली गई और दिल्ली को तोहफे में 4 ओवरथ्रो मिल गए।
बुरी तरह हो गए नाराज – निर्णायक मोड़ पर मिली इस अतिरिक्त बाउंड्री को देखकर डगआउट में बैठे नेहरा बुरी तरह झुंझला गए। आशीष नेहरा को भयंकर गुस्से में देखा गया और इस बीच वे काफी जोर से चिल्ला भी पड़े। उस वक्त नेहरा के साथ दिग्गज तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा भी वहां खड़े हुए थे। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो जमकर वायरल हो रहा था।
एक रन से जीती गुजरात की टीम – हालांकि, मैच का अंत गुजरात के लिए सुखद रहा। आखिरी दो गेंदों पर जब दिल्ली को जीत के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए थे तब रोमांच अपने चरम पर था। डेविड मिलर ने स्ट्राइक अपने पास रखने के लिए सिंगल लेने से मना कर दिया लेकिन अगली ही गेंद पर कुलदीप यादव के रन आउट होते ही दिल्ली की उम्मीदें धराशायी हो गईं। गुजरात ने दबाव में गजब का संयम दिखाया और 2 बेहद जरूरी अंक अपनी झोली में डाल लिए।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की शुरुआत खराब रही और साई सुदर्शन जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने मोर्चा संभाला और अपनी पुरानी लय में लौटते हुए तूफानी अर्धशतक जड़े। गिल ने 45 गेंदों में शानदार 70 रन बनाए जबकि बटलर ने महज 27 गेंदों में 55 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को 210 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
Home / Sports / शुभमन गिल ने मैदान पर कर दी ऐसी गलती, गुस्से से झल्ला उठे आशीष नेहरा, कोच ने अपने कप्तान को भी नहीं बख्शा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website