
फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी को तैयार कतर ने यहां आने वाले प्रशंसकों को यादगार अनुभव देने के लिए ‘ओलिम्पिक और खेल संग्रहालय’ में दुनिया भर के खेल सितारों से जुड़ी चीजों को दर्शाया है जिसमें भारतीय खिलाडिय़ों की यादों को प्रमुखता से जगह दी गयी है। दुनिया के 32 ओलंपिक संग्रहालय में से एक कतर ओलिम्पिक और खेल संग्रहालय में अंदर जाते ही सबसे पहले निगाहें ओलिम्पिक में दो बार की पदक विजेता पीवी सिंधू के द्वारा कही गई बातों पर जाती है, जिसमें लिखा है- सबसे बड़ी ताकत एक मजबूत दिमाग है।
अगर मुझे पता है कि कोई मुझ से अधिक मेहनत कर रहा है तो इसके लिए मेरे पास कोई बहाना नहीं होना चाहिए। यहां का ‘हॉल ऑफ एथलीट्स’ में करीब 100 खिलाडिय़ों के दान किए गए यादगारों चीजों को प्रदर्शित किया गया है। भारतीय प्रशंसकों की खुशी संग्रहालय ‘द मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर के बल्ले को देखकर बढ़ जाती है। उसके ठीक बगल में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की हॉकी स्टिक है। इसके अलावा टेनिस के दिग्गज रोजर फेडरर, फुटबॉल के महान खिलाड़ी पेले, जिनेदिन जिदान और लियोनेल मेस्सी द्वारा हस्ताक्षरित जर्सी को भी प्रमुखता से जगह दी गयी।
फॉर्मूला वन के पूर्व चैम्पियन ड्राइवर माइकल शूमाकर द्वारा चलायी गयी फेरारी कार यहां आकर्षण का केन्द्र है। संग्रहालय में भारत की सबसे प्रतिष्ठित मुक्केबाज छह बार की विश्व चैम्पियन मैरी कॉम के दस्ताने को महान मोहम्मद अली द्वारा पहनी गई एक जोड़ी के बगल में प्रदर्शित किया गया हैं। यह संग्रहालय खलीफा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के उस परिसर में है जिसमें फुटबॉल विश्व के मैच खेले जाएंगे। यह स्टेडियम 8 मेजबान स्टेडियमों में से एक है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website