
पाकिस्तान की मेजबानी में टी20 ट्राई सीरीज खेली जा रही है। इसमें पाकिस्तान के अलावा जिम्बाब्वे और श्रीलंका की टीम है। टूर्नामेंट के दूसरे मैच में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को 67 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। पहले मैच में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ जैसे-तैसे जीत हासिल कर ली लेकिन दूसरे मैच में सिकंदर रजा की टीम ने कमाल कर दिया। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे ने पहले खेलते हुए 162 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पारी सिर्फ 95 रनों पर सिमट गई। यह जिम्बाब्वे की टी20 में फुल मेंबर टीम के खिलाफ रनों की सबसे बड़ी जीत है।
बेनेट और रजा ने बल्ले से योगदान दिया – जिम्बाब्वे को एक बार फिर ब्रायन बेनेट ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। हालांकि तदिवानाशे मारुमानी सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए ब्रैंडन टेलर के बल्ले से भी सिर्फ 11 रन निकले। कप्तान सिकंदर रजा ने बेनेट का साथ निभाया। दोनों के बीच 61 रनों की साझेदारी हुई और इन्होंने जिम्बाब्वे को 100 के पार पहुंचाया दिया। बेनेट लगातार दूसरे मैच में 49 रन बनाकर आउट हुए। रेयान बर्ल ने आते ही दो छक्के मारे लेकिन वानिंदु हसरंगा ने लगातार दो गेंद पर बर्ल और टोनी मुनयोंगा के विकेट झटक लिए।
16वें ओवर में जिम्बाब्वे ने 16 रन बटोरे लेकिन फिर श्रीलंका के गेंदबाज हावी हो गए। रजा भी अपनी फिफ्टी नहीं बना सके। 32 गेंदों पर उन्होंने 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। जिम्बाब्वे ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बनाए। श्रीलंका के लिए वानिंदु हसरंगा ने तीन जबकि ईशान मलिंगा ने दो विकेट लिए।
पहले ओवर से जिम्बाब्वे की बॉलिंग हावी – श्रीलंका को पहले ही ओवर में पाथुम निसांका के रूप में बड़ा झटका लगा। वह खाता खोले बिना आउट हो गए। इसने श्रीलंका को दबाव में डाल दिया। टीम के लिए एक भी साझेदारी 25 रनों की नहीं हुई। कुसल परेरा 4 और कुसल मेंडिस 6 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान दासुन शनाका ने क्रीज पर जरूर लड़ाई की। उन्होंने 25 गेंदों पर टीम के लिए सबसे ज्यादा 34 रन बनाए। हालांकि किसी ने उनका साथ नहीं निभाया। शनाका के अलावा सिर्फ भानुका राजपक्षे (11) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए।जिम्बाब्वे के लिए ब्रैंड इवांस ने 4 ओवर में 9 रन देकर तीन विकेट झटके। रिचर्ड गरावा ने 4 ओवर में 15 रन खर्च करके दो शिकार किए। कप्तान सिकंदर रजा को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला।
Home / Sports / 100 रन भी नहीं बना पाई श्रीलंका की बैटिंग, जिम्बाब्वे ने टी20 में हासिल की अपनी सबसे बड़ी जीत
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website