Thursday , March 12 2026 12:59 AM
Home / Uncategorized / स्टारशिप मंगल पर ले जाएगा इंसान… तीसरी बार रॉकेट फेल होने पर भी एलन मस्क खुश, बताया क्या है लक्ष्य

स्टारशिप मंगल पर ले जाएगा इंसान… तीसरी बार रॉकेट फेल होने पर भी एलन मस्क खुश, बताया क्या है लक्ष्य


स्पेसएक्स स्टारशिप रॉकेट को अमेरिका में गुरुवार को लॉन्च किया गया। यह लॉन्च एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर रहा। इसका लॉन्च लगभग सफल रहा। रॉकेट धरती की कक्षा में वापस लौटने के दौरान नष्ट हो गया। इस रॉकेट को अंतरिक्ष में चांद और मंगल पर जाने के लिए बनाया जा रहा है। लगभग एक घंटे तक इसने उड़ान भरी। पहले उम्मीद थी कि यह हिंद महासागर में गिरेगा। हालांकि पृथ्वी की कक्षा में वापस आते हुए संचार के दो प्रमुख पीस ने काम करना बंद कर दिया। लाइव प्रसारण के दौरान स्पेसएक्स के कम्युनिकेशन मैनेजर डैन हुओट ने कहा, ‘टीम ने पाया कि जहाज खो गया है, इसलिए अब इसके हिंद महासागर में गिरने की उम्मीद नहीं।’
स्टारशिप भी इस उड़ान के बाद परिणामों को लेकर वाकिफ था। उसे पता था कि यह जहाज हार्ड लैंडिंग करेगा। हालांकि पहले किए गए स्टारशिप के दो टेस्ट से यह काफी बेहतर रहा है। इस लॉन्चिंग के बाद स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क ने ट्वीट किया, ‘स्टारशिप इंसानियत को मंगल पर ले जाएगा।’ स्पेसएक्स का लक्ष्य है कि इंसानों को मंगल पर ले जाया जाए। इस लिहाज से यह रॉकेट स्पेस एक्स के लिए काफी महत्वपूर्ण है। नासा ने स्पेस एक्स को इस कामयाबी पर बधाई दी।
बूस्टर ने भी नहीं की लैंडिंग – नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘स्पेस एक्स को सफल परीक्षण उड़ान के लिए बधाई! स्टारशिप आकाश में उड़ गया है। हम साथ मिलकर चंद्रमा पर मानवता को वापस ले जाने के लिए आर्टेमिस के जरिए बड़ी प्रगति कर रहे हैं। फिर मंगल ग्रह की ओर देखेंगे।’ इस रॉकेट का सबसे निचला हिस्सा सुपर हेवी बूस्टर है। सफल लॉन्च के दौरान इसने अपना ज्यादातर फ्यूल जला दिया। हुओट ने कहा कि बूस्टर से ऑटोमैकिट लैंडिंग की उम्मीद थी, लेकिन उसके सभी इंजन नहीं चले, जिससे बूस्टर खो गया।
दुनिया का सबसे ताकतवर रॉकेट – स्पेस एक्स के सीईओ एलन मस्क ने कहा कि इन शुरुआती टेस्टिंग का प्राथमिक लक्ष्य स्टारशिप को ‘ऑर्बिटल स्पीड’ तक पहुंचाना है। एलन मस्क चाहते हैं कि उड़ान इतनी तेज हो कि कुछ ही देर में स्टारशिप पृथ्वी के चारों ओर एक स्थिर कक्षा में प्रवेश कर सके। इसके लिए 28000 किमी प्रति घंटे की स्पीड चाहिए होती है। स्टारशिप दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे ताकतवर रॉकेट है। इस रॉकेट को एलन मस्क बार-बार इस्तेमाल वाला बनाना चाहते हैं। स्टारशिप रॉकेट 121 मीटर लंबा और 9 मीटर के व्यास वाला है।