Sunday , April 12 2026 11:34 PM
Home / News / ईरानी सेना के नियंत्रण में 2 हफ्ते तक खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट, शुक्रवार को पाकिस्तान में US के साथ शांति वार्ता, जानें आगे क्या

ईरानी सेना के नियंत्रण में 2 हफ्ते तक खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट, शुक्रवार को पाकिस्तान में US के साथ शांति वार्ता, जानें आगे क्या


युद्धविराम पर सहमति बनने के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के अंदर हमले रोक दिए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका ने ईरान में 13,000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरान के साथ दो हफ्ते के युद्धविराम पर इस शर्त के साथ सहमति जताई है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमत हो।
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि इन दो हफ्तों के दौरान देश की सेना होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने में समन्वय करेगी। बयान में आगे कहा गया “यदि ईरान पर हमले रोक दिए जाते हैं तो हमारे शक्तिशाली सशस्त्र बल भी अपने रक्षात्मक अभियान रोक देंगे।”
ईरान ने जीत का दावा किया – ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के एक बयान में कहा गया है कि ‘ईरान ने एक बड़ी जीत हासिल की है और अमेरिका को अपनी 10-सूत्रीय योजना स्वीकार करने के लिए मजबूर कर दिया है।’ काउंसिल ने बताया कि इस योजना के तहत अमेरिका ने सैद्धांतिक रूप से ईरान के खिलाफ सभी प्राथमिक और माध्यमिक प्रतिबंध हटाने और इस क्षेत्र में अपने सभी ठिकानों से अमेरिकी लड़ाकू सैनिकों को वापस बुलाने पर सहमति जताई है।
काउंसिल के मुताबिक अमेरिका ने ईरान के परमाणु संवर्धन को स्वीकार करने और होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान के निरंतर नियंत्रण को मान्यता देने पर भी सहमति व्यक्त की है। काउंसिल ने आगे कहा कि इस जलमार्ग से नियंत्रित आवागमन “ईरान के सशस्त्र बलों के समन्वय से” किया जाएगा।
शुक्रवार को पाकिस्तान में अमेरिका-ईरान की बैठक संभव – प्लान से वाकिफ दो सोर्स के हवाले से एक्सियोस ने बताया है कि जंग खत्म करने के एग्रीमेंट पर अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का पहला राउंड शुक्रवार को इस्लामाबाद में होने वाला है। जंग शुरू होने के बाद यह पहली आमने-सामने की बातचीत होगी।
अमेरिका की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने एक्सियोस को बताया “आमने-सामने बातचीत के बारे में बातचीत हो रही है लेकिन राष्ट्रपति या वाइट हाउस की तरफ से फैसला आने तक कुछ भी फाइनल नहीं है।”
हालांकि डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ ने युद्ध के दौरान ईरान के साथ कूटनीति की अगुवाई की है जिसमें उपराष्ट्रपति वैंस का भी समर्थन रहा लेकिन आमने-सामने की बातचीत के दौरान ये भूमिकाएं बदल सकती हैं। संभावना है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस करेंगे।
एक सीनियर अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि जेडी वैंस ने पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ अच्छे संबंध बना लिए हैं। ट्रंप और अरागची ने युद्धविराम के लिए किए गए उनके प्रयासों हेतु देश के प्रधानमंत्री के साथ-साथ मुनीर का भी आभार व्यक्त किया। ट्रंप के दामाद और सलाहकार जेरेड कुशनर भी इन वार्ताओं में शामिल रहे हैं।
ईरान ने युद्ध रोकने का किया ऐलान – ईरान के सर्वोच्च नेता ने सभी सैन्य इकाइयों को गोलीबारी रोकने का निर्देश दिया है। यह बात सरकारी न्यूज चैनल IRIB पर पढ़े गए एक बयान में कही गई है जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के लगभग दो घंटे बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौता हो गया है। बयान में कहा गया “यह युद्ध का अंत नहीं है लेकिन सभी सैन्य शाखाओं को सर्वोच्च नेता के आदेश का पालन करते हुए गोलीबारी रोक देनी चाहिए।”
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सीजफायर की घोषणा का स्वागत किया और अमेरिका और ईरान के नेतृत्व को “सभी विवादों को सुलझाने” के लिए आगे की बातचीत के लिए अपने देश आने का न्योता दिया। शरीफ ने X पर एक बयान में कहा “मैं इस समझदारी भरे कदम का तहे दिल से स्वागत करता हूं और दोनों देशों के नेतृत्व का गहरा आभार व्यक्त करता हूं।” शहबाज शरीफ ने ईरान और अमेरिका दोनों के प्रतिनिधिमंडलों को शुक्रवार, 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में “सभी विवादों को सुलझाने” के लिए आगे की बातचीत में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि “हमें पूरी उम्मीद है कि ‘इस्लामाबाद वार्ता’ स्थायी शांति हासिल करने में सफल होगी और हम आने वाले दिनों में और भी अच्छी खबरें साझा करने की उम्मीद करते हैं!”