
हरमनप्रीत कौर 19 जुलाई से श्रीलंका में होने वाले महिला टी-20 एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की अगुआई करेंगी। हरमनप्रीत अभी चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही टी-20 श्रृंखला में खेल रही हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में शानदार फॉर्म में चल रही सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को उप-कप्तान बनाया गया है। मुख्य टीम की 15 खिलाड़ियों के अलावा श्वेता सहरावत, साइका इशाक, तनुजा कंवर और मेघना सिंह को रिजर्व खिलाड़ियों के तौर पर शामिल किया गया है। हर ग्रुप से टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, फाइनल 28 जुलाई को खेला जाएगा। भारत को टूर्नामेंट के ग्रुप ए में रखा गया है, जिसमें चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान (19 जुलाई), संयुक्त अरब अमीरात (21 जुलाई) और नेपाल (23 जुलाई) शामिल हैं। सभी मैच रंगिरी दांबुला अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे।
डिफेंडिंग चैंपियन है भारतीय टीम – भारत गत विजेता है और उसने रिकॉर्ड सात बार प्रतियोगिता जीती है। ये टूर्नामेंट इस साल के अंत में 3 अक्टूबर से बांग्लादेश में होने वाले महिला टी-20 विश्व कप के लिए फूल ड्रेस रिहर्सल के रूप में काम करेगा। 2022 में हुए पिछले संस्करण में भारतीय महिलाओं ने ही ट्रॉफी जीती थी। भारत टूर्नामेंट की सबसे प्रभावशाली टीम भी है, 2018 में बांग्लादेश एकमात्र अन्य विजेता रहा है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website