
महान टेस्ट बल्लेबाज सुनील गावसकर (Sunil Gavaskar) ने यह प्रस्ताव रखा है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) की अदला बदली करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) का संक्रमण थम जाता है तो भारत ऐसा कर सकता है।
सुनील गावसकर ने कहा है कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले थमने की स्थिति में भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ टी20 वर्ल्ड कप की अदला बदली कर सकता है। इस अदला बदली के तहत भारत 2021 की जगह इस साल इस टूर्नमेंट का आयोजन कर सकता है। कोविड-19 के कारण दुनिया भर में खेल प्रतियोगितांए ठप्प पड़ी हैं और इससे ऑस्ट्रेलिया में 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक होने वाले 2020 T20 वर्ल्ड कप पर भी संशय के बादल छा गए हैं।
भारत को 2021 में टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करनी है। गावसकर ने ‘इंडिया टुडे’ से कहा, ‘जैसा कि हम सभी को पता है ऑस्ट्रेलिया ने 30 सितंबर तक देश में विदेशियों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया है। टूर्नमेंट अक्टूबर के मध्य में शुरू होगा इसलिए फिलहाल इसका आयोजन मुश्किल लगता है।’
उन्होंने कहा, ‘अगले साल टी20 वर्ल्ड कप भारत में होना है। अगर भारत और ऑस्ट्रेलिया समझौता करते हैं और भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या थम जाती है तो वे टूर्नमेंट की अदला बदली कर सकते हैं। यह भारत में इस साल अक्टूबर-नवंबर में हो सकता है और ऑस्ट्रेलिया में अगले साल लगभग इसी समय।’
आईपीएल को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है लेकिन इसके सितंबर में आयोजन की संभावना है। गावसकर ने कहा, ‘अगर ऐसा होता है तो टी20 वर्ल्ड कप के ठीक पहले आईपीएल का आयोजन हो सकता है, जिससे कि खिलाड़ियों को पर्याप्त अभ्यास मिल जाए। इसके बाद आप नवंबर में टी20 वर्ल्ड कप और दिसंबर में यूएई में एशिया कप का आयोजन कर सकते हो। दिसंबर यूएई में टूर्नमेंट की मेजबानी के लिए काफी बेहतर समय है।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website