
सिडनी। भारत के टिकाऊ बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा एक बार फिर आस्ट्रेलिया के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। उन्हीं की शानदार पारी के दम पर भारत ने यहां सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में आस्ट्रेलिया के साथ जारी चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को अपनी पहली पारी में 6 विकेट के नुकसान पर 432 रन बना लिए हैं। पुजारा 193 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत 52 रन बनाकर खड़े हुए हैं।
दिन की शुरुआत चार विकेट पर 303 रनों के साथ करने वाली भारतीय टीम ने पहले सत्र में 86 रन अपने खाते में जोड़े और सिर्फ एक विकेट खोया। पुजारा और हनुमा विहारी ने पहले दिन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया।
पुजारा ने दिन की शुरुआत उसी अंदाज में की जिस अंदाज में वह पहले दिन नाबाद लौटे थे। जोश हेजलवुड द्वारा फेंकी गई दिन की पहली गेंद पर उन्होंने शानदार कवर ड्राइव मार तीन रन बटोरे। दूसरे छोर से हनुमा विहारी बेहद आराम से खेल रहे थे।
यह दोनों तकरीबन एक घंटे तक बिना किसी परेशानी के बल्लेबाजी करते रहे। आस्ट्रेलियाईकप्तान ने इस बीच सफलता नहीं मिलती देख दोनों छोर से गेंदबाजी में बदलाव किए। पैट कमिंस के स्थान पर नाथन लॉयन गेंदबाजी करने आए तो वहीं हेजलवुड के स्थान पर मिशेल स्टार्क को गेंद सौंपी गई।
बदलाव आस्ट्रेलिया के लिए कारगर साबित हुए। 102वें ओवर की आखिरी गेंद पर विहारी जब लॉयन पर स्वीप मारने गए तो गेंद उनके हाथ से लग कर शॉर्ट लेग पर खड़े मार्नस लाबुस्छांग्ने के पास गई जिसे पकडऩे में उन्होंने कोई गलती नहीं की। इस पर विहारी ने रिव्यू लिया जो असफल रहा। विहारी ने 96 गेंदों का सामना कर पांच चौकों की मदद से 42 रन बनाए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website